
राजगढ़ में बड़ा स्लीपर बस हादसा, चार यात्रियों की मौत
राजगढ़। जिले में रक्षाबंधन के दिन बड़ा सड़क हादसा हो गया। मध्य प्रदेश के राजगढ़ में एबी रोड पर ब्यावरा के भोपाल बायपास के पास एक स्लीपर कोच बस घुमावदार ब्रिज पर हादसे का शिकार हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में चार यात्रियों की मौत की सूचना है। वहीं कई यात्री घायल हुए हैं। करीब 90 डिग्री के घुमावदार ब्रिज पर स्लीपर बस अचानक तिरछी हो गई और सड़क पर रगड़ाते हुए आगे बढ़ती चली गई। बस के ऊपरी हिस्से में सो रहे यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला। बस में सवार यात्री रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए अपने-अपने घर जा रहे थे। त्योहार के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे ने यात्रियों और उनके परिजनों को झकझोर दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद कुछ परिजन अस्पताल भी पहुंच गए हैं। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ और बस में कितने यात्री सवार थे, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।इस दौरान कई यात्री बस के शीशे टूटने के बाद नीचे जा गिरे।हादसा सुबह करीब 7:35 बजे हुआ। उस समय आसपास के लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले हुए थे। प्रत्यक्षदर्शी एडवोकेट अंकुर राजन के मुताबिक, उन्होंने अपनी आंखों के सामने बस से तीन यात्रियों को ऊपरी बर्थ से शीशा टूटने के बाद नीचे गिरते देखा। हादसा देखते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि सूचना देने के बाद भी एंबुलेंस को पहुंचने में करीब 30 मिनट लग गए। स्थानीय लोगों ने इस दौरान घायलों की मदद की।





