लखनऊ में स्वाइन फ्लू का बढ़ता असर, यूपी के सभी 75 जिलों में अलर्ट

Lucknow News: लखनऊ में स्वाइन फ्लू का असर बढ़ता दिख रहा है। बलरामपुर अस्पताल में गुरुवार को H1N1 संक्रमित 50 वर्षीय महिला की मौत के एक दिन बाद शुक्रवार को दो और मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। दोनों मरीजों को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।

दोनों मरीजों की RT-PCR जांच में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। फिलहाल दोनों का इलाज वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

महिला की मौत के बाद बढ़ी चिंता

दरअसल, इंदिरानगर निवासी 50 वर्षीय महिला को सर्दी, बुखार और सांस लेने में परेशानी की शिकायत थी। निजी पैथोलॉजी में 24 अगस्त को हुई जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद उन्हें 25 अगस्त को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

महिला की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन ने उनके संपर्क में आए मरीजों, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे। रिपोर्टों के मुताबिक, इलाज से जुड़े 17 डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के नमूने KGMU भेजे गए हैं.

आइसोलेशन वार्ड किया गया रिजर्व

लगातार नए मामले सामने आने के बाद बलरामपुर अस्पताल की आइसोलेशन वार्ड बिल्डिंग को स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए रिजर्व किया गया है। अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग संक्रमण की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

यूपी के सभी 75 जिलों में अलर्ट

लखनऊ में मौत और नए मामलों के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिलाधिकारियों को स्थिति पर नजर रखने और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में जरूरी दवाएं, जांच की सुविधा और आइसोलेशन की व्यवस्था पर्याप्त रखने को कहा गया है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि बुखार, खांसी, गले में दर्द या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और लक्षण दिखाई देने पर समय रहते चिकित्सकीय सलाह लें।

Back to top button