Toxic: रक्षाबंधन की छुट्टी भी नहीं आई काम, लगातार घट रहा ‘टॉक्सिक’ का खुमार

Toxic Box Office Collection Day 3: यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की थी, लेकिन रिलीज के तीसरे दिन फिल्म की कमाई में एक बार फिर गिरावट देखने को मिली। खास बात यह है कि शुक्रवार को रक्षाबंधन की छुट्टी होने के बावजूद फिल्म की कमाई में बढ़ोतरी नहीं हुई।

फिल्म ने रिलीज के पहले दिन भारत में 101.10 करोड़ रुपये नेट का शानदार कलेक्शन किया था। हालांकि दूसरे दिन इसकी कमाई घटकर 37.65 करोड़ रुपये रह गई। अब तीसरे दिन यानी शुक्रवार को फिल्म ने शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक 26.60 करोड़ रुपये नेट कमाए हैं।

तीसरे दिन कितना कमाया?

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘टॉक्सिक’ ने तीसरे दिन भारत में करीब 26.60 करोड़ रुपये नेट का कलेक्शन किया। इसमें सबसे ज्यादा योगदान हिंदी वर्जन का रहा, जिसने करीब 19.15 करोड़ रुपये कमाए।

वहीं कन्नड़ वर्जन ने 5 करोड़, तेलुगू ने 1.50 करोड़, तमिल ने 75 लाख और मलयालम वर्जन ने करीब 20 लाख रुपये का कलेक्शन किया।

तीन दिन में 165 करोड़ के पार पहुंची फिल्म

तीसरे दिन की कमाई के साथ ही ‘टॉक्सिक’ का भारत में कुल नेट कलेक्शन 165.35 करोड़ रुपये हो गया है। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब 197.70 करोड़ रुपये है। वहीं ओवरसीज मार्केट में फिल्म ने तीसरे दिन करीब 4 करोड़ रुपये कमाए, जिससे विदेशों में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 23.75 करोड़ रुपये हो गया है।

इस तरह फिल्म ने महज तीन दिनों में दुनियाभर में करीब 221.45 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।

दूसरे दिन के मुकाबले कितनी गिरी कमाई?

तीसरे दिन ‘टॉक्सिक’ की कमाई दूसरे दिन के मुकाबले करीब 29.3 फीसदी कम रही। यानी रक्षाबंधन की छुट्टी भी फिल्म के घरेलू कलेक्शन में गिरावट को रोक नहीं सकी।

फिल्म में यश के साथ नयनतारा और कियारा आडवाणी अहम भूमिकाओं में हैं और इसका निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है।

Back to top button