‘बाबर के देश से PM मोदी को अवॉर्ड’, उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च सम्मान पर ओवैसी का तंज…

PM Modi को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च राजकीय सम्मान मिलने पर असदुद्दीन ओवैसी ने बाबर और फरगना घाटी का जिक्र करते हुए बीजेपी और आरएसएस पर तंज कसा।

Asaduddin Owaisi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च राजकीय सम्मान ‘ओली दराजली दुस्तलिक’ (Oliy Darajali Dustlik) से सम्मानित किए जाने पर एआईएमआईएम(AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने तंज कसा है। ओवैसी ने पीएम मोदी को मिले इस सम्मान के संदर्भ में मुगल शासक बाबर और उज्बेकिस्तान के ऐतिहासिक संबंधों का जिक्र किया।

प्रधानमंत्री मोदी अपनी दो दिवसीय उज्बेकिस्तान यात्रा के दौरान राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव से मिले। इस दौरान उन्हें उज्बेकिस्तान के सबसे बड़े सरकारी सम्मान से नवाजा गया। सम्मान मिलने के बाद ओवैसी ने कहा कि जिस देश से बाबर भारत आया था, उसी देश ने प्रधानमंत्री मोदी को पुरस्कार दिया है।

‘जिस देश से बाबर भारत आया, वहीं से मिला अवॉर्ड’
ओवैसी ने कहा, “मैं बीजेपी को बधाई देता हूं। जिस देश से बाबर भारत आया था, उसी देश ने प्रधानमंत्री को एक अवॉर्ड दिया है। फरगना घाटी उज्बेकिस्तान में है। आजकल प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, वहां से कोई न कोई अवॉर्ड लेकर ही लौटते हैं। बधाई हो।”

उन्होंने कहा कि बाबर का जन्म मौजूदा उज्बेकिस्तान की फरगना घाटी में हुआ था और बाद में उसने भारत में मुगल साम्राज्य की नींव रखी।

यह भी पढ़ें…

इथेनॉल की PIL हम नहीं सुनेंगे,जाइए हाई कोर्ट:SC

RSS पर भी साधा निशाना
ओवैसी ने अपने बयान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बीजेपी समर्थकों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, “आप लोग बाबर के नाम पर कितनी बुरा-भला कहते थे, फिर भी उसी देश के लोग अब आपको अवॉर्ड से सम्मानित कर रहे हैं। संघ को इस पर सोचना चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा कि उन्हें उम्मीद है कि संघ परिवार के सदस्य और आरएसएस समर्थक अब बाबर को लेकर पहले की तरह बयानबाजी नहीं करेंगे।

यह भी पढ़ें…

मणिपुर में NRC-जनगणना का हिंसक विरोध, पुलिस पर पथराव

उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान है ‘ओली दराजली दुस्तलिक’
‘ओली दराजली दुस्तलिक’ उज्बेकिस्तान का एक प्रमुख राजकीय सम्मान है, जिसे दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने में योगदान के लिए प्रधानमंत्री मोदी को प्रदान किया गया। पीएम मोदी को इससे पहले भी कई देशों के सर्वोच्च या प्रतिष्ठित राजकीय सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।

ओवैसी का यह बयान ऐसे समय आया है जब पीएम मोदी की विदेश यात्राओं और उन्हें मिलने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मानों को लेकर भारतीय राजनीति में पक्ष और विपक्ष के बीच अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आती रही हैं।

यह भी पढ़ें…

प्रणब मुखर्जी की पुण्यतिथि पर केंद्रीय मंत्रियों व मुख्यमंत्रियों ने दी श्रद्धांजलि

Back to top button