पटाखा फैक्ट्री में लगी आग,आठ मरे, कई लोगों की हालत नाजुक

धमाके में कई मकान धराशायी

प्रयागराज। कौशांबी जिले पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार में पटाखा फैक्ट्री में धमाका, आठ लोगों की मौत,22 लोगों को रेस्क्यू कर निकाला गया। धमाके से कई मकान जमींदोज। गंभीर रूप से झुलसे 20 लोगों को एसआरएन मेडिकल कालेज भेजा गया। मौके पर डीएम, एसपी, पुलिस व फायर विभाग के लोग मौजूद।

पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार में एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगते ही फैक्ट्री में रखे पटाखों में एक के बाद एक तेज धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। कुछ ही देर में फैक्टरी से उठे धुएं के गुबार ने आसपास के इलाके को ढक लिया, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। धमाके में कई परिवारों के मकान धराशायी हो गए।अभी तक आठ लोगों की मौत की सूचना मिल रही है। दर्जनभर से अधिक लोगों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई  है।

प्रयागराज के एडीजी, आईजी, डीआईजी, अपर पुलिस आयुक्त के अलावा कौशाम्बी के डीएम और एसपी पहुंच गए हैं। झुलसे लोगों को एसआरएन अस्पताल प्रयागराज भेजा गया है।  बस्ती से कुछ दूरी पर एक मकान में पटाखा फैक्टरी संचालित हो रही थी। हादसे के समय अंदर करीब दर्जनभर लोगों के मौजूद होने की सूचना है। आग लगने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन लगातार हो रहे धमाकों के कारण अंदर जाना मुश्किल रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकान से अचानक धुआं उठने के बाद पटाखों में विस्फोट शुरू हुआ। मकान के ऊपर से बिजली के तार भी गुजर रहे हैं।
हादसे में एक दर्जन से अधिक लोगों के गंभीर रूप से झुलसने की सूचना मिल रही है। मौके पर पुलिस अधिकारियों के साथ दो थानों की फोर्स राहत-बचाव में जुटी है। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। डीएम डॉ. अमित पाल ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और डॉक्टरों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Back to top button