मंदिर परिसर में स्मार्टफोन बैन, तमिलनाडु के 52 प्रमुख मंदिरों में आज से नया नियम लागू

Tamil Nadu Temple Mobile Ban: तमिलनाडु के 52 प्रमुख मंदिरों में कैमरा वाले स्मार्टफोन ले जाने पर रोक, श्रद्धालुओं को ₹5 शुल्क देकर फोन निर्धारित काउंटर पर जमा करना होगा; बिना कैमरे वाले मोबाइल को अनुमति।

Tamil Nadu: तमिलनाडु के 52 प्रमुख मंदिरों में 1 सितंबर से कैमरा वाले मोबाइल फोन को मंदिर परिसर में ले जाने पर रोक लागू कर दी गई है। स्मार्टफोन लेकर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को प्रवेश से पहले निर्धारित काउंटर पर फोन जमा करना होगा। इसके लिए प्रति फोन ₹5 शुल्क लिया जाएगा और श्रद्धालु को फोन वापस लेने के लिए रसीद या टोकन दिया जाएगा।

हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया है कि बिना कैमरे वाले साधारण मोबाइल फोन पर प्रतिबंध नहीं है। यानी ऐसे फोन जिन्हें फोटो या वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता, उन्हें मंदिर के अंदर ले जाने की अनुमति होगी।

क्यों लिया गया स्मार्टफोन पर बैन का फैसला?
हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग (HR&CE) के मुताबिक, मंदिर परिसरों में फोटो खींचने, वीडियो बनाने, सेल्फी लेने और सोशल मीडिया के लिए रील्स रिकॉर्ड करने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं।

सरकार का कहना है कि इस कदम का मकसद मंदिरों की पवित्रता और शांत वातावरण बनाए रखना तथा श्रद्धालुओं को बिना किसी व्यवधान के दर्शन का अवसर देना है। यह फैसला मद्रास हाई कोर्ट के पहले के निर्देशों के अनुरूप भी बताया गया है।

₹5 क्यों लिए जाएंगे?
मंदिर प्रशासन की ओर से स्मार्टफोन जमा कराने के लिए सुरक्षित काउंटर और लॉकर की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक फोन के लिए ₹5 का शुल्क तय किया गया है।

HR&CE मंत्री एस. रमेश ने स्पष्ट किया है कि यह राशि मंदिर के राजस्व के लिए नहीं है। इसका इस्तेमाल फोन जमा करने वाले कर्मचारियों, लॉकर और संबंधित सुरक्षा एवं तकनीकी व्यवस्था के खर्च को पूरा करने में किया जाएगा।

फोन जमा करने पर मिलेगी रसीद
श्रद्धालुओं के फोन जमा करने के बाद उन्हें रसीद या टोकन दिया जाएगा। फोन वापस करते समय इसकी जानकारी का मिलान किया जाएगा। मंदिर प्रशासन को फोन की सुरक्षित कस्टडी और वापसी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हालांकि, कई मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त काउंटरों की जरूरत महसूस की जा रही है। कुछ भक्तों ने लंबी कतारों से बचने के लिए ज्यादा डिपॉजिट काउंटर और ऑनलाइन भुगतान की सुविधा शुरू करने की मांग भी की है।

यह भी पढ़ें…

जेल में आतंकी अफताब अंसारी के पास मिले 3 स्मार्टफोन, iPhone और Wi-Fi डिवाइस

किन मंदिरों में लागू है नियम?
यह प्रतिबंध राज्य के 52 प्रमुख मंदिरों में लागू किया गया है। इनमें चेन्नई और आसपास के कई प्रसिद्ध मंदिर भी शामिल हैं, जैसे मयलापुर कपालीश्वरर, वडापलानी मुरुगन, तिरुवल्लिकेणी पार्थसारथी, तिरुवेरकाडु देवी करुमरियम्मन, कांचीपुरम कामाक्षी अम्मन, वरदराज पेरुमल और एकाम्बरेश्वरर मंदिर।

पालनी, तिरुचेंदूर, मदुरै और रामेश्वरम जैसे प्रमुख मंदिरों में भी पहले से मोबाइल फोन को लेकर प्रतिबंध लागू रहे हैं।

यह भी पढ़ें…

‘मंत्री कानून से ऊपर नहीं’, मैरी विल्सन की पेशी पर मद्रास HC सख्त

श्रद्धालुओं को क्या ध्यान रखना होगा?
मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सबसे आसान विकल्प है कि वे स्मार्टफोन को घर, होटल या वाहन में छोड़कर जाएं। अगर फोन साथ है तो मंदिर पहुंचने पर उसे निर्धारित काउंटर पर जमा करना होगा और ₹5 शुल्क देना होगा।

सरकार का उद्देश्य साफ है—मंदिर परिसर में फोटो, वीडियो और रील्स पर रोक लगाकर पूजा-दर्शन के दौरान शांत और आध्यात्मिक माहौल बनाए रखना।

यह भी पढ़ें…

भूतनाल झील में मां और 5 मासूम बच्चों के शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Back to top button