
Divya Mittal की राजनीति में एंट्री के संकेत? कांग्रेस टिकट पर अजय राय ने कही बड़ी बात
IAS Divya Mittal: IAS दिव्या मित्तल के इस्तीफे के बाद राजनीति में एंट्री की अटकलें तेज हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वाले व्यक्ति के नाम पर पार्टी निश्चित तौर पर विचार करेगी।
Prayagraj: उत्तर प्रदेश की चर्चित आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के इस्तीफे के बाद उनके राजनीति में आने की अटकलें तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक उनके अगले कदम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। इसी बीच यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय से दिव्या मित्तल को 2027 विधानसभा चुनाव में टिकट देने को लेकर सवाल पूछा गया, जिस पर उन्होंने पार्टी के रुख को लेकर संकेत दिया है।
प्रयागराज दौरे पर पहुंचे अजय राय से जब दिव्या मित्तल के कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की संभावना को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति समाज में काम करना चाहता है और चुनाव लड़ना चाहेगा, पार्टी निश्चित तौर पर उस पर विचार करेगी। हालांकि, अजय राय ने दिव्या मित्तल को टिकट देने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की।
राहुल गांधी से मुलाकात पर क्या बोले अजय राय?
दिव्या मित्तल के कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात करने की चर्चाओं पर भी अजय राय से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है कि दिव्या मित्तल ने राहुल गांधी से मुलाकात की है या नहीं।
ऐसे में अजय राय के बयान के बाद दिव्या मित्तल के कांग्रेस में शामिल होने और आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलों को और हवा मिल गई है। हालांकि, अभी तक कांग्रेस या दिव्या मित्तल की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें…
Yogi तीसरी बार CM और फिर PM बनें, महंत अर्जुननाथ ने शुरू की बद्रीनाथ पैदल यात्रा…
13 साल की सेवा के बाद दिया इस्तीफा
दिव्या मित्तल ने करीब 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद 30 अगस्त को अपने इस्तीफे की जानकारी सार्वजनिक की थी। वह उत्तर प्रदेश राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थीं। उनके इस्तीफे के बाद उनके अगले कदम को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
दिव्या मित्तल के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस पहले ही उनके समर्थन में सामने आ चुकी है। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पत्र लिखकर अधिकारियों की स्वतंत्र कार्यप्रणाली और सम्मान की रक्षा का मुद्दा उठाया था।
यह भी पढ़ें…
लखनऊ में सील संपत्ति पर कब्जा लेने पहुंचे अफजाल अंसारी, दोनों बेटियां भी साथ
राजनीति में एंट्री की चर्चा तेज
दिव्या मित्तल के इस्तीफे के बाद एक चर्चा यह भी है कि वह सक्रिय राजनीति में कदम रख सकती हैं। हालांकि, उनके किसी राजनीतिक दल में शामिल होने या चुनाव लड़ने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अजय राय का ताजा बयान इस लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि उन्होंने चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वाले व्यक्ति के नाम पर पार्टी द्वारा विचार किए जाने की बात कही है। ऐसे में अब नजर इस बात पर रहेगी कि क्या दिव्या मित्तल वास्तव में कांग्रेस का हाथ थामती हैं और 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरती हैं।
यह भी पढ़ें…





