
स्वरा भास्कर के ‘जौहर’ बयान पर बढ़ा बवाल, जुबान काटने पर रखा ₹1.51 लाख का इनाम
Swara Bhasker Jauhar Controversy: फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर द्वारा फिल्म पद्मावत में दिखाए गए ‘जौहर’ के चित्रण को लेकर दिए गए विवादित बयान पर हंगामा थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिल्ली के एक कार्यक्रम में दी गई उनकी टिप्पणी के विरोध में उत्तर प्रदेश के आगरा में उग्र प्रदर्शन हुआ।
प्रदर्शनकारियों ने स्वरा भास्कर के पोस्टर जलाए और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान एक दक्षिणपंथी संगठन ने एक्ट्रेस की जुबान काटने वाले को ₹1.51 लाख का नकद इनाम देने तक का ऐलान कर दिया।
आगरा में विरोध और पोस्टर दहन
आगरा में हुए इस विरोध प्रदर्शन की अगुवाई योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर अजय तोमर ने की। कार्यकर्ताओं ने स्वरा भास्कर के पोस्टरों को आग के हवाले किया और उन्हें पैरों तले रौंदा।
प्रदर्शन के दौरान अजय तोमर ने स्वरा भास्कर के लिए अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए घोषणा की कि जो भी स्वरा भास्कर की जुबान काटेगा, उसे संगठन की तरफ से ₹1.51 लाख का पुरस्कार दिया जाएगा।
तोमर ने कहा कि रानी पद्मावती और अन्य राजपूत महिलाओं ने अपने मान-सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए जौहर किया था। स्वरा भास्कर को उस दौर के ऐतिहासिक परिस्थितियों और महिलाओं के त्याग की समझ नहीं है।
किस बयान से शुरू हुआ विवाद?
विवाद की शुरुआत 31 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (IIC) में आयोजित ‘Woman, Life, Freedom’ कार्यक्रम से हुई थी।
वहां स्वरा भास्कर ने कहा था कि फिल्म पद्मावत में 800 महिलाओं के एक साथ जौहर करने के दृश्य को जिस तरह पेश किया गया है, वह किसी रेप सर्वाइवर (बलात्कार से बची महिला) को असहज कर सकता है। स्वरा ने सवाल उठाया था कि क्या किसी महिला की ‘पवित्रता’ या देह-सम्मान को उसकी जिंदगी से ज्यादा अहम माना जाना चाहिए और क्या ऐसे दृश्यों को ‘गौरव’ के रूप में दिखाना सही है?
विवाद पर स्वरा भास्कर की सफाई
चौतरफा घिरने और सोशल मीडिया पर ट्रोल होने के बाद स्वरा भास्कर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट की। स्वरा ने साफ किया कि उन्होंने रानी पद्मावती या जौहर करने वाली महिलाओं को कभी ‘कायर’ नहीं कहा और न ही उनका अपमान किया।
उन्होंने कहा कि उनका सवाल फिल्मों में हिंसा और अतीत की प्रथाओं के महिमामंडन (Glorification) को लेकर था।एक्ट्रेस ने जोर देकर कहा कि रेप सर्वाइवर महिलाओं को कभी यह नहीं लगना चाहिए कि जीवित बच जाने के कारण वे कम बहादुर हैं; महिलाओं को हर परिस्थिति में जीने का पूरा अधिकार है।
ये भी पढ़े- स्वरा भास्कर के जौहर वाले बयान पर भड़की करणी सेना, दे डाली खुली चुनौती
अन्य संगठनों का भी विरोध जारी
स्वरा के बयान पर करणी सेना की महिला मोर्चा अध्यक्ष कीर्ति राठौड़, बीजेपी नेताओं और शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी के साथ भी सोशल मीडिया पर तीखी बहस देखने को मिली है। करणी सेना ने चेतावनी दी है कि सनातन परंपराओं और राजपूत वीरांगनाओं के बलिदान का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़े- प्रियदर्शन का चौंकाने वाला खुलासा, बोले- ‘हेरा फेरी’ के बाद भी कॉमेडी से चिढ़





