
निशु आजाद केस में गर्माया माहौल, संसद मार्ग थाने पर CJP का बड़ा प्रदर्शन
Nishu Azad Case: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता निशु आजाद के पिता संजय कुमार पर हुए जानलेवा हमले का मामला एक बार फिर तूल पकड़ चुका है। सोशल मीडिया पर आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज का एक पॉडकास्ट वीडियो वायरल होने के बाद, जिसमें उसने खुद संजय कुमार के सिर पर हमला करने की बात स्वीकार की है।
शुक्रवार को CJP के प्रवक्ता सौरव दास, आशुतोष रांका और निशु आजाद अपने दर्जनों समर्थकों के साथ नई दिल्ली स्थित संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे और थाने का घेराव किया।
वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद
मामले की मुख्य वजह सोशल मीडिया पर सामने आई एक पॉडकास्ट क्लिप है। वीडियो में आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज बेबाकी से यह दावा करता दिख रहा है कि जंतर-मंतर पर संजय कुमार के सिर पर हमला उसी ने किया था। आरोपी ने वीडियो में यह भी कहा कि राजनीतिक रसूख और संबंधों के चलते पुलिस उसके खिलाफ कोई बड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं कर पाई।
CJP सह-संयोजक आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस राजनीतिक दबाव के चलते आरोपी को बचा रही है। उन्होंने मांग की कि मामले में हत्या के प्रयास (Attempt to Murder – Section 307) की धाराएं जोड़कर आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
कांग्रेस लीगल सेल एक्टिव
विवाद सामने आने के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर चिंता जताई, जिसके बाद कांग्रेस की लीगल टीम तुरंत हरकत में आई।
निशु आजाद द्वारा राहुल गांधी से मांगी गई मदद के बाद कांग्रेस की लीगल सेल के वकील और दिल्ली प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लकड़ा भी संसद मार्ग थाने पहुंचे। कांग्रेस की लीगल टीम का कहना है कि FIR में हेट स्पीच, आदतन अपराधी और SC-ST अत्याचार निवारण अधिनियम की गंभीर धाराएं जोड़ी जानी चाहिए।
चंद्रशेखर आजाद ने भी दिया समर्थन
आंदोलनकारियों का साथ देने समता पार्टी / आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद भी संसद मार्ग थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि खुलेआम अपराध स्वीकार करने वाले आरोपी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई नहीं की गई, तो यह विरोध प्रदर्शन और तेज किया जाएगा।
ये भी पढ़े-दिल्ली में 16 वर्षीय छात्रा से गैंगरेप, स्लीपर बस के अंदर 47KM तक हैवानियत





