करण जौहर पर चढ़ा भक्ति का रंग! राधा-कृष्ण की दिव्य प्रेम कहानी पर बनाएंगे फिल्म

Karan Johar Movie: रोमांस, फैमिली ड्रामा और आधुनिक लव स्टोरीज के लिए मशहूर बॉलीवुड फिल्ममेकर करण जौहर अब पौराणिक सिनेमा की ओर रुख करने जा रहे हैं। इस प्रोजेक्ट का टेंटेटिव (अस्थायी) टाइटल राधा कृष्ण रखा गया है, जो इस समय डेवलपमेंट के एडवांस स्टेज में है।

जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले भगवान श्रीकृष्ण और राधा की अमर एवं दिव्य प्रेम कहानी पर एक भव्य मेगा-बजट फिल्म का निर्माण होने जा रहा है।

साउथ के इस डायरेक्टर को सौंपी कमान

करण जौहर ने इस बड़े धार्मिक और ऐतिहासिक प्रोजेक्ट के लेखन और निर्देशन की जिम्मेदारी कन्नड़ सिनेमा के चर्चित निर्देशक और राइटर सचिन रवि (Sachin Ravi) को सौंपी है।

सचिन रवि को साल 2019 में आई फैंटेसी-एडवेंचर हिट फिल्म ‘अवाने श्रीमन्नारायण’ (Avane Srimannarayana) का निर्देशन करने के लिए जाना जाता है। निर्देशन में कदम रखने से पहले सचिन रवि ने ‘किरिक पार्टी’ और ‘उलिदावरु कंदन्थे’ जैसी सुपर हिट फिल्मों में बतौर एडिटर भी काम किया है।

कैसी होगी फिल्म की कहानी?

सूत्रों के मुताबिक, करण जौहर काफी समय से भारतीय धर्मग्रंथों की सबसे खूबसूरत लव स्टोरी ‘राधा-कृष्ण’ पर फिल्म बनाना चाहते थे और अब जाकर उन्हें एक बेहतरीन स्क्रीनप्ले मिला है। फिल्म में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर कंस वध तक का पूरा सफर दिखाया जाएगा, लेकिन इसका मुख्य केंद्र और आत्मा राधा और कृष्ण का निस्वार्थ प्रेम रहेगा। यह एक पैन-इंडिया लेवल की बड़े पैमाने पर बनने वाली फिल्म होगी, जिसमें रोमांस, ड्रामा, भक्ति और इमोशंस का जबरदस्त संगम देखने को मिलेगा।

ये भी पढ़े-Movie Review: खूनी खेल से ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का आगाज, गुड्डू भैया ने मचाया भौकाल

स्टार कास्ट को लेकर सस्पेंस 

हालांकि फिल्म के प्री-प्रोडक्शन और विजुअल इफेक्ट्स (VFX) पर काम तेजी से शुरू हो चुका है, लेकिन धर्मा प्रोडक्शंस की ओर से अभी तक स्टार कास्ट के नामों का खुलासा नहीं किया गया है।

यह देखना दिलचस्प होगा कि बड़े पर्दे पर ‘राधा’ और ‘कृष्ण’ के पौराणिक और पावन किरदारों को जीवंत करने के लिए करण जौहर बॉलीवुड के बड़े सितारों को चुनते हैं या साउथ इंडस्ट्री से नया चेहरा लाते हैं।

ये भी पढ़े-स्वरा भास्कर के ‘जौहर’ बयान पर बढ़ा बवाल, जुबान काटने पर रखा ₹1.51 लाख का इनाम

Back to top button