
इतनी फोर्स बुलाउंगा, ठंडा कर दूंगा… यूनिवर्सिटी के बच्चों को धमका रहे गोरखपुर के दारोगा
Gorakhpur University Controversy: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (DDU) परिसर में प्रशासनिक भवन के सामने धरने पर बैठे छात्र नेताओं और पुलिस-प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक का मामला सामने आया है। अनशन पर बैठे निष्कासित छात्रों को हटाने पहुंची पुलिस टीम के एक दरोगा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस वीडियो में दरोगा बेहद सख्त लहजे में छात्रों को धमकाते हुए कह रहे हैं कि इतनी फोर्स लगाऊंगा कि सब ठंडा कर दूंगा, यह गोरखपुर पुलिस है। पुलिस अधिकारी की इस धमकी भरे रवैये को लेकर छात्र समूहों और इंटरनेट यूजर्स के बीच भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है।
दरोगा की घुड़की का वीडियो वायरल
हंगामे के बीच जब पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही थी, तभी मौके पर मौजूद एक दरोगा ने आपा खो दिया और अनशनकारी छात्रों को चिल्लाते हुए खुली चेतावनी दे डाली। किसी छात्र ने दरोगा के इस रवैये का वीडियो रिकॉर्ड कर इंटरनेट पर शेयर कर दिया।
🚨 गोरखपुर यूनिवर्सिटी में दरोगा का छात्रों को धमकी देने वाला वीडियो वायरल!
वीडियो में चौकी प्रभारी अविरल मिश्रा छात्रों पर नाराज होते और आंदोलन को लेकर आपत्तिजनक बातें कहते नजर आ रहे हैं। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।#Gorakhpur #GorakhpurUniversity #ViralVideo… pic.twitter.com/ePvcAx9dgn
— Live New India (@livenewindia01) September 9, 2026
छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी जायज मांगों को सुनने के बजाय पुलिस बल के दम पर उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रहा है।
बातचीत के दौरान बिगड़े हालात
घटना वाले दिन विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रॉक्टर सुरक्षाकर्मियों और पुलिस बल के साथ प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर भूख हड़ताल कर रहे छात्रों से बातचीत करने पहुंचे थे। मांगों को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी और तीखी बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते वहां धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई, जिसमें कुछ छात्र गिर पड़े। माहौल बिगड़ता देख सुरक्षाकर्मियों ने असिस्टेंट प्रॉक्टर को सुरक्षा घेरे में लेकर किसी तरह उनके कार्यालय तक पहुंचाया।
छात्रसंघ चुनाव को लेकर आंदोलन
विश्वविद्यालय में छात्र नेताओं का विरोध प्रदर्शन पिछले कई दिनों से चल रहा है। छात्र निष्कासित साथियों की बहाली, लंबे समय से बंद पड़े छात्रसंघ चुनाव कराने, परीक्षा एजेंसी की गड़बड़ियों की जांच और हॉस्टल की बदहाल व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रशासनिक भवन के सामने भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद जहां एक तरफ पुलिस विभाग की कार्यशैली और बयानबाजी पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ विश्वविद्यालय प्रशासन मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की बात कह रहा है। हालांकि, पुलिस की चेतावनी के बावजूद छात्र नेताओं ने अपना आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।





