
सत्य निकेतन हादसे में पांचवीं गिरफ्तारी, PG चलाने वाला सुधांशु भी पकड़ा गया
Delhi Satya Niketan Hadsa: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के व्यस्त छात्र रिहायशी इलाके सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत जमींदोज होने के भीषण हादसे के बाद दिल्ली पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पीजी (पेइंग गेस्ट) का संचालन करने वाले आरोपी ऑपरेटर सुधांशु को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि इमारत में अवैध रूप से कराए जा रहे निर्माण और सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी के चलते यह बड़ा हादसा हुआ, जिसमें कई बेकसूर लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
बिना अनुमति के निर्माण
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पीजी संचालक सुधांशु इमारत के बेसमेंट और निचली मंजिलों में बिना किसी नगर निगम (MCD) की अनुमति के भारी निर्माण और जीर्णोद्धार का काम करवा रहा था। करीब तीन दशक पुरानी जर्जर इमारत में सुरक्षा मानकों का जरा भी ध्यान नहीं रखा गया। बेसमेंट की खुदाई और दीवारों में छेड़छाड़ के कारण इमारत की नींव कमजोर हो गई, जिसके बाद पूरी पांच मंजिला इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई।
ये भी पढ़े-दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव राकेश मेहता ने की आत्महत्या
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
साउथ-वेस्ट जिला पुलिस ने इस दर्दनाक हादसे का संज्ञान लेते हुए साउथ मोती बाग थाने में आरोपी पीजी संचालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, लापरवाही से मौत और बिना अनुमति निर्माण कार्य कराने जैसी गंभीर धाराएं लगाई हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इमारत के मुख्य मालिक और निर्माण कार्य में शामिल ठेकेदार की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ भी शिकंजा कसा जाएगा।
ये भी पढ़े-दिल्ली की सभी इमारतों के सघन सर्वेक्षण के आदेश
अवैध पीजी पर भी कस सकता है शिकंजा
सत्य निकेतन इलाके में दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के हजारों छात्र-छात्राएं पीजी और हॉस्टलों में रहते हैं। इस हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और दिल्ली पुलिस अब इलाके की अन्य जर्जर और अवैध रूप से चल रही इमारतों की भी जांच की तैयारी कर रही है। सरकार और पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी पीजी ऑपरेटर या मकान मालिक को बख्शा नहीं जाएगा।
ये भी पढ़े-दिल्ली हादसे के आरोपी मालिक को DP ने राजस्थान से पकड़ा





