Drishyam 3 का धांसू ट्रेलर, क्या अजय देवगन जीत पाएंगे आखिरी लड़ाई?

Drishyam 3 Trailer: बॉलीवुड की सफल सस्पेंस-थ्रिलर फ्रेंचाइज की अंतिम कड़ी ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ (Drishyam 3: The Conclusion) का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। करीब तीन मिनट लंबे इस ट्रेलर की शुरुआत एक बड़े सवाल से होती है कि इस बार अपने परिवार को बचाने के लिए विजय सलगांवकर क्या रणनीति अपनाएगा।

अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में लौटे हैं। वहीं, अपने बेटे की मौत का बदला लेने के लिए बेताब पूर्व आईजी मीरा देशमुख (तब्बू) इस बार पुख्ता सबूतों के साथ मैदान में उतरी हैं।

मीरा देशमुख को ‘बदला’ चाहिए

फिल्म के ट्रेलर में साफ दिखाया गया है कि साल 2015 और 2022 के बाद अब सालों पुराना मामला एक बार फिर नए सिरे से जांच के दायरे में आ गया है। पुलिस के हाथ कुछ बेहद संवेदनशील और नए सबूत लगे हैं, जिसने विजय और उसके परिवार की नींद उड़ा दी है। ट्रेलर के एक भावुक और तीखे सीन में तब्बू का किरदार साफ लहजे में कहता है कि उन्हें अब कानून से कोई इंसाफ नहीं चाहिए, बल्कि वे सिर्फ और सिर्फ अपना बदला पूरा करना चाहती हैं।

ये भी पढ़े-‘हनुमान अंश’ की बंपर कमाई के बाद CM योगी से मिले फिल्म स्टार्स, तस्वीरें वायरल…

जयदीप अहलावत की धांसू एंट्री

‘दृश्यम 3’ का सबसे बड़ा आकर्षण क्राइम ब्रांच के नए सीनियर पुलिस ऑफिसर के रूप में अभिनेता जयदीप अहलावत की एंट्री है। पुलिस अफसर का किरदार निभा रहे जयदीप अहलावत खुद को अपराधियों का ‘शनि’ बताते हैं। वे विजय सलगांवकर को खुली चुनौती देते हुए कहते हैं कि वे उसके पूरे परिवार को घसीटकर कानून के कठघरे में खड़ा करेंगे। विजय को एक ऐसा ‘मेहनती अपराधी’ बताया गया है, जो भले ही अनपढ़ है लेकिन अपनी शातिर बुद्धि से हर बार पुलिस की योजना को नाकाम कर देता है।

ये भी पढ़े-THE VVAAN: छठ की आस्था मे लीन हुईं तमन्ना भाटिया, शूटिंग से पहले समझा व्रत का महत्व

मलयालम ‘दृश्यम 3’ से अलग होगी  कहानी

अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी इस फिल्म की पटकथा आमिल कीयान खान, अभिषेक पाठक और परवेज शेख ने मिलकर तैयार की है। हालांकि यह फ्रेंचाइज मूल रूप से मोहनलाल की मलयालम फिल्म सीरीज पर आधारित है, लेकिन निर्माताओं का दावा है कि ‘दृश्यम 3’ का क्लाइमेक्स और कहानी मलयालम फिल्म से काफी अलग होगी।

फिल्म में अजय देवगन, तब्बू और जयदीप अहलावत के अलावा श्रिया सरन, प्रकाश राज, रजत कपूर, इशिता दत्ता और कमलेश सावंत मुख्य भूमिकाओं में हैं। ‘स्टार स्टूडियो18’ और ‘पैनोरमा स्टूडियोज’ के बैनर तले बनी यह फिल्म गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

ये भी पढ़े-जेल जाने से बचे राजपाल यादव, सुप्रीम कोर्ट ने सरेंडर से दी अंतरिम राहत

Back to top button