
समुद्र की यात्री नौका में लगी आग, पांच मरे, 87 लापता
Manila: फिलीपींस के पालावान प्रांत के पास समुद्र में एक यात्री नौका (फेरी) में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 87 लोग अब भी लापता हैं। फिलीपीन कोस्ट गार्ड (पीसीजी) ने बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया है और अब तक 42 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। कोस्ट गार्ड के अनुसार, यह हादसा पालावान प्रांत के कोरोन क्षेत्र के निकट समुद्र में हुआ। आग ‘एमवी जून एस्टर’ (MV June Aster) नामक यात्री फेरी में अचानक भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी नाव को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग जान बचाने के लिए समुद्र में कूद गए। 134 लोग थे सवार, बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन जारी
कोस्ट गार्ड के प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना के समय नौका में कुल 134 लोग मौजूद थे, जिनमें 117 यात्री और 17 चालक दल (क्रू) के सदस्य शामिल थे। कोस्ट गार्ड कैप्टन नोएमी कायब्याब ने स्थानीय मीडिया को जानकारी दी कि बचाए गए यात्रियों और हताहतों के प्रारंभिक आकलन के बाद 87 लोगों का कोई सुराग नहीं मिल सका है, जिनकी तलाश में राहत दल जुटे हुए हैं।





