
गोरखपुर के गर्ल्स हॉस्टल में सनसनी, बाथरूम में छिपा मिला मोबाइल कैमरा
Gorakhpur Girls Hostel: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के कैंट थाना क्षेत्र स्थित बेतियाहाता इलाके से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां स्थित एक निजी गर्ल्स हॉस्टल के कॉमन बाथरूम में छिपाकर रखा गया एक मोबाइल फोन (कैमरा) मिलने से हड़कंप मच गया।
जैसे ही छात्राओं को बाथरूम में वीडियो रिकॉर्डिंग मोड में रखे मोबाइल का पता चला, हॉस्टल परिसर में हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने हॉस्टल की महिला वॉर्डन को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
एग्जॉस्ट फैन के पास मिला फोन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेतियाहाता स्थित इस प्राइवेट हॉस्टल में प्रतियोगी परीक्षाओं और कॉलेज की पढ़ाई करने वाली दर्जनों छात्राएं रहती हैं। शुक्रवार को जब एक छात्रा कॉमन बाथरूम का इस्तेमाल करने गई, तो उसकी नजर एग्जॉस्ट फैन के पास संदिग्ध स्थिति में रखे एक मोबाइल फोन पर पड़ी। ध्यान से देखने पर पता चला कि मोबाइल का कैमरा ऑन था और उसमें रिकॉर्डिंग चल रही थी। छात्रा ने तुरंत इसकी जानकारी हॉस्टल में रह रही अन्य लड़कियों को दी, जिसके बाद सभी छात्राएं आक्रोशित हो गईं।
छात्राओं ने किया जोरदार हंगामा
घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्टल में रहने वाली सभी छात्राएं परिसर में जमा हो गईं और सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक को लेकर जोरदार हंगामा करने लगीं। छात्राओं का आरोप है कि उनकी गोपनीयता के साथ गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा था। मामले की सूचना पाकर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी मोबाइल फोन को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हॉस्टल की वॉर्डन को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
ये भी पढ़े-बेपनाह मोहब्बत करते थे अमित और नरगिस, गेस्ट हाउस में दोनों पंखे से लटके मिले
जांच के लिए भेजा गया मोबाइल
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब्त किए गए मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसमें कौन-कौन से वीडियो रिकॉर्ड किए गए हैं और वे कहीं शेयर तो नहीं किए गए।
इसके साथ ही मोबाइल का ऑनर कौन है, इसकी तकनीकी जांच (सीडीआर और लोकेशन) की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़े-‘पत्रकार पर FIR किलिंग द मैसेंजर जैसी कार्रवाई’, हाई कोर्ट ने लगाई रोक





