
लखनऊ में 12 सितंबर से साहित्य का महाकुंभ, CM योगी करेंगे गोमती पुस्तक महोत्सव का उद्घाटन
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में साहित्य और किताबों से जुड़ा बड़ा आयोजन होने जा रहा है। 5वें गोमती पुस्तक महोत्सव 2026 का आयोजन 12 से 20 सितंबर तक लखनऊ विश्वविद्यालय में किया जाएगा। नौ दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 सितंबर को करेंगे।
राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (NBT), उत्तर प्रदेश सरकार और लखनऊ विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में किताबों के साथ साहित्यिक संवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बच्चों व युवाओं के लिए कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
250 पुस्तक स्टॉल, 121 प्रकाशक होंगे शामिल
गोमती पुस्तक महोत्सव में करीब 250 पुस्तक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें 121 प्रकाशक हिस्सा ले रहे हैं। हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, अवधी और अन्य भारतीय भाषाओं की हजारों किताबें यहां उपलब्ध रहेंगी।
आयोजकों के मुताबिक, महोत्सव का उद्देश्य केवल किताबों की बिक्री तक सीमित नहीं है। यहां साहित्य, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और समकालीन मुद्दों पर लेखकों और विशेषज्ञों के साथ संवाद भी होंगे।
युवाओं और जेनजी के लिए खास कार्यक्रम
महोत्सव में बच्चों और युवाओं के लिए रोजाना अलग-अलग गतिविधियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
कार्यक्रमों में महिला अस्मिता, युवा साहित्य, अनुवाद, विरासत और लोककथाएं, सतत विकास, अंतरिक्ष-विज्ञान और आध्यात्मिकता जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
इन सत्रों में ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, मालिनी अवस्थी, शांतनु गुप्ता और पद्मश्री डॉ. विद्या विंदु सिंह समेत कई जाने-माने लेखक, कलाकार और विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।
बच्चों के लिए बनेगा खास ‘बाल मंडप’
गोमती पुस्तक महोत्सव में बच्चों के लिए विशेष ‘बाल मंडप’ तैयार किया गया है। यहां अलग-अलग आयु वर्ग के बच्चों के लिए कठपुतली नाटक, स्टोरीटेलिंग, कमिशिबाई, वैदिक गणित, माइंडफुलनेस, क्ले आर्ट, पोस्टर मेकिंग, सुलेख, कैरिकेचर, कविता पाठ, मंडला आर्ट और क्रिएटिव राइटिंग जैसी गतिविधियां होंगी।
इसके अलावा चित्रकला और क्विज प्रतियोगिताएं भी होंगी। बच्चों को ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के साथ संवाद करने का मौका भी मिलेगा।
हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम
पुस्तक महोत्सव में हर शाम उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें कथक प्रस्तुतियां, पारस बैंड, बिरजू महाराज कथक संस्थान की ‘रघुवंशम्’ नृत्य-नाटिका, सुगम संगीत, मुशायरा, लोक प्रस्तुतियां और भारतेन्दु नाट्य अकादमी की नाट्य प्रस्तुति शामिल हैं।
इसके अलावा बेगम अख्तर को समर्पित विशेष दास्तानगोई सत्र भी आयोजित किया जाएगा।
राष्ट्रीय ई-पुस्तकालय की भी मिलेगी जानकारी
महोत्सव में आने वाले विद्यार्थियों और युवा पाठकों को राष्ट्रीय ई-पुस्तकालय के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। यह डिजिटल पुस्तकालय मंच है, जिस पर विभिन्न भाषाओं और विधाओं की 7,000 से ज्यादा ई-पुस्तकें उपलब्ध हैं।
कब और कहां होगा गोमती पुस्तक महोत्सव?
आयोजन: 5वां गोमती पुस्तक महोत्सव 2026
तारीख: 12 सितंबर से 20 सितंबर 2026
स्थान: लखनऊ विश्वविद्यालय, लखनऊ
उद्घाटन: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
प्रवेश: निःशुल्क
पुस्तक स्टॉल: करीब 250
प्रकाशक: 121
भाषाएं: हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, अवधी समेत अन्य भारतीय भाषाएं
गोमती पुस्तक महोत्सव 2026 लखनऊ के पाठकों, विद्यार्थियों, बच्चों और साहित्य प्रेमियों के लिए किताबों, संस्कृति और विचारों से जुड़ने का बड़ा मंच बनने जा रहा है।





