Cricket News: आज को लगेगा डबल तड़का, एक ही दिन में दो-दो मैच खेलेगी टीम इंडिया

Womens Asia Cup 2026 Final: क्रिकेट फैंस के लिए रविवार यानी 13 सितंबर का दिन बेहद खास और रोमांचक होने वाला है। इस दिन भारतीय क्रिकेट टीम मैदान पर उतरकर एक साथ दो अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेगी। एक तरफ भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशिया कप 2026 के खिताबी मुकाबले में ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

वहीं दूसरी तरफ भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का पहला मैच खेलेगी। एक ही दिन में दो अलग-अलग टीमों के बड़े मुकाबले होने के कारण भारतीय प्रशंसकों को पूरा दिन क्रिकेट का जबरदस्त रोमांच देखने को मिलेगा।

महिला एशिया कप 2026 फाइनल

रविवार का पहला बड़ा मुकाबला भारतीय महिला क्रिकेट टीम का होगा, जो 2026 महिला एशिया कप का फाइनल खेलने उतरेगी। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले इस महामुकाबले में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम का सामना श्रीलंका से होगा। भारतीय समयानुसार यह खिताबी मैच रात 8 बजे से शुरू होगा।

इस मैच का सीधा प्रसारण भारत में टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क (Sony Sports Network) के चैनलों पर किया जाएगा, जबकि जो दर्शक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैच देखना चाहते हैं, वे सोनी लिव (Sony LIV) ऐप के जरिए लाइव स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकते हैं।

मुकाबले के लिए भारतीय स्क्वॉड 

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), गुनालन कमलिनी (विकेटकीपर), प्रतिका रावल, शैफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, क्रांति गौड़, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, राधा यादव

अफगानिस्तान के खिलाफ पहला टी20 खेलेगी पुरुष टीम

महिला टीम के फाइनल के अलावा पुरुष टीम भी रविवार को मैदान पर एक्शन में दिखेगी। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज की शुरुआत होने जा रही है। सीरीज का पहला मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा।

जिसकी शुरुआत भारतीय समय के अनुसार शाम 7 बजे होगी। इस टी20 मैच का लाइव प्रसारण टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर उपलब्ध रहेगा, जबकि ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए दर्शक फैनकोड (FanCode) ऐप पर मुकाबला लाइव देख सकेंगे।

मैच के लिए भारतीय स्क्वॉड 

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा [वीसी], शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर.

संडे को मिलेगा क्रिकेट का पूरा रोमांच

एक ही दिन में दो अलग-अलग देशों के साथ दो अहम मुकाबले होने से भारतीय फैंस के लिए यह संडे पूरी तरह से क्रिकेट के नाम रहने वाला है। एक ओर जहां महिला टीम एशिया कप का खिताब अपने नाम कर एशिया में अपना दबदबा बरकरार रखना चाहेगी, वहीं दूसरी ओर युवा खिलाड़ियों से सजी पुरुष टीम अफगानिस्तान को पहले टी20 में हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाने के मकसद से मैदान में उतरेगी।

Back to top button