ICC ने काटी पाकिस्तानी खिलाड़ियों की मैच फीस, साथ में दे दी एक और सजा

ICC Penalty on Pakistan Cricket Team: इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से शर्मनाक क्लीन स्वीप झेलने वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ICC ने बर्मिंघम में खेले गए तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच में स्लो ओवर रेट के लिए पाकिस्तान टीम के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई की है।

ICC ने पाकिस्तान टीम पर खिलाड़ियों की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाने के साथ-साथ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की अंक तालिका से सीधे 11 महत्वपूर्ण अंक काट लिए हैं। सीरीज हार के तुरंत बाद मिले इस कड़े झटके से पाकिस्तान का टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने का सपना लगभग टूट गया है।

स्लो ओवर रेट बना गले की फांस

ICC की मीडिया विज्ञप्ति के अनुसार, एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल ऑफ मैच रेफरी के रंजन मदुगले ने समय की छूट को ध्यान में रखने के बाद पाया कि पाकिस्तान टीम निर्धारित समय सीमा से 11 ओवर पीछे चल रही थी। खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए आईसीसी आचार संहिता के नियम 2.22 के तहत प्रत्येक कम फेंके गए ओवर के लिए 5 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया जाता है, जिसकी अधिकतम सीमा 50 प्रतिशत तय है।

WTC टेबल से कटे पॉइंट्स

11 पेनल्टी अंक काटे जाने के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में पाकिस्तान की स्थिति बेहद खराब हो गई है। इस कटौती के बाद पाकिस्तानी टीम अंक तालिका में सबसे निचले नौवें पायदान पर पहुंच गई है, जहां उसका अंक प्रतिशत गिरकर महज 4.63 रह गया है।

इस भारी पेनाल्टी के कारण पाकिस्तान का अंक तालिका में सुधार करना अब लगभग असंभव सा नजर आ रहा है। ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमें इस समय तालिका के शीर्ष पर बनी हुई हैं।

ये भी पढ़े-IND vs SL: चैंपियन बनकर भी टीम इंडिया ने नहीं ली ट्रॉफी, मोहसिन नकवी की फिर हुई फजीहत

एजबेस्टन में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर सीरीज में 3-0 से एकतरफा जीत दर्ज की थी। पहली पारी में महज 133 रनों पर सिमटने के बाद पाकिस्तान ने दूसरी पारी में 449 रन बनाकर जरूर कुछ संघर्ष दिखाया था।

कप्तान शान मसूद के 95, बाबर आजम के 76 और रज़ाउल्लाह के 81 रनों के बावजूद इंग्लैंड को जीत के लिए केवल 130 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे मेजबान टीम ने जो रूट और जॉर्डन कॉक्स की उम्दा पारियों के दम पर आसानी से हासिल कर लिया। हेडिंग्ले और लॉर्ड्स के बाद बर्मिंघम में मिली इस हार ने पाकिस्तान की क्रिकेट साख पर गहरा असर डाला है।

ये भी पढ़े-Ranji Trophy: अब DSP ही नहीं, हैदराबाद के कप्तान भी बने मोहम्मद सिराज

Back to top button