‘यूएस क्लब’ घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, 13.44 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त

US Club Fraud: प्रवर्तन निदेशालय (ED) के मुंबई जोनल कार्यालय ने दक्षिण मुंबई स्थित प्रतिष्ठित ‘यूनाइटेड सर्विसेज क्लब’ (US Club) में हुए करोड़ों रुपये के वित्तीय घोटाले मामले में बड़ी कार्रवाई की है।

धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत कार्रवाई करते हुए ईडी ने पूर्व उप सचिव (वित्त) बर्नाडेट भारत वर्मा, उनके पति भारतकुमार वर्मा और उनके सहयोगियों से जुड़ी 13.44 करोड़ रुपये मूल्य की 13 चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है।

जब्त की गई संपत्तियों में मुंबई, गोवा और मध्य प्रदेश में स्थित फ्लैट, प्लॉट, फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और बैंक बैलेंस शामिल हैं।

77 करोड़ रुपये का घपला

ईडी की जांच में सामने आया कि यूनाइटेड सर्विसेज क्लब में उप सचिव (वित्त) के पद पर तैनात बर्नाडेट वर्मा ने अपने पति के साथ मिलकर क्लब के असली वेंडरों के नाम से मिलते-जुलते फर्जी बैंक खाते खोले थे। इन डमी बैंक खातों का इस्तेमाल कर आरोपियों ने क्लब के लगभग 77 करोड़ रुपये फर्जी खातों में ट्रांसफर कर दिए।

इसके बाद इस राशि को बर्नाडेट वर्मा, उनके पति और उनके परिवारजनों के निजी व संयुक्त खातों में भेजा गया। जांच एजेंसियों के अनुसार, इस राशि से कई अचल संपत्तियां खरीदी गईं और विभिन्न बैंकों में एफडी कराई गई।

ये भी पढ़े-उत्तरी सीमा पर चीनी सेना की तैनाती में कमी:रक्षा मंत्रालय

डायवर्ट किए गए पैसे

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि अपराध की इस कमाई में से करीब 11 करोड़ रुपये ‘ज्योतिर्गमय फाउंडेशन’ नाम के ट्रस्ट के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। इसके बाद इस रकम को क्लब से जुड़े चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) चंद्र प्रकाश पांडे, उनके परिजनों और उनके नियंत्रण वाली कंपनियों के खातों में डायवर्ट कर दिया गया।

सेना, नौसेना और वायुसेना द्वारा संयुक्त रूप से प्रबंधित इस क्लब में घोटाले की शुरुआत मुंबई पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के बाद हुई थी, जिसके आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया। मामले में इससे पहले भी 34.51 करोड़ रुपये की 35 संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं।

ये भी पढ़े-हिंदी राष्ट्रीय एकात्मता की अहम कड़ी:अमित शाह

Back to top button