
Stock Market: शेयर बाजार में मजबूत शुरुआत, हरे निशान पर सेंसेक्स और निफ्टी
Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत आज बढ़त के साथ हुई है। एशियाई बाजारों से मिले-जुले संकेतों और गिफ्ट निफ्टी (GIFT Nifty) में मजबूती के चलते घरेलू बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान पर खुले।
शुरुआती कारोबार में बीएसई का सेंसेक्स करीब 587 अंक उछलकर 75,369 के स्तर पर और एनएसई का निफ्टी 178 अंकों की बढ़त के साथ 23,576 के पार पहुंच गया। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि निफ्टी अगर 23,500 के स्तर से ऊपर टिकने में कामयाब रहता है, तो यह आने वाले सत्रों में 23,650 की ओर तेजी का संकेत देगा।
इन शेयरों में हलचल
बाजार में आज कई बड़े कॉरपोरेट घटनाक्रमों के कारण चुनिंदा शेयर निवेशकों के रडार पर हैं। देश के सबसे बड़े निजी बैंक, HDFC Bank के बोर्ड ने मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ पद के लिए दो शीर्ष उम्मीदवारों के नामों का प्रस्ताव RBI की मंजूरी के लिए भेजा है।
वहीं दूसरी ओर, Solar Industries India की विदेशी सहायक कंपनी ने ‘ओम्निया होल्डिंग्स’ के सभी शेयर 1.355 अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 12,951 करोड़ रुपये) में खरीदने का पक्का करार किया है, जिससे कंपनी के शेयर में बड़ा एक्शन देखने को मिल सकता है।
फार्मा कंपनियों पर USFDA की नजर
फार्मा और अन्य सेक्टर्स से भी अहम खबरें सामने आई हैं। USFDA ने Dr. Reddy’s Laboratories की मेक्सिको स्थिति एपीआई यूनिट के निरीक्षण के बाद दो आपत्तियों (Observations) के साथ ‘फॉर्म 2953’ जारी किया है। वहीं, Aurobindo Pharma की सहायक इकाई के आंध्र प्रदेश प्लांट के निरीक्षण में कोई कमी या खराबी नहीं पाई गई।
ऑटो क्षेत्र में TVS Motor ने श्रीलंका में अपनी प्रीमियम अपाचे सीरीज का विस्तार किया है। इसके अलावा, HDFC Life Insurance Company को करीब 3,365 करोड़ रुपये की जीएसटी मांग का अपीलीय आदेश प्राप्त हुआ है।





