‘फार्म हाउस में रची गई मेरी हत्या की साजिश’, नगीना सांसद चंद्रशेखर का बड़ा आरोप

Chandrashekhar Azad: आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने अपनी जान को खतरा बताते हुए एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। एक वीडियो जारी कर चंद्रशेखर आजाद ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश के एक फार्म हाउस में उनकी हत्या का षड्यंत्र रचा गया है।

उन्होंने कहा कि वह यह बात बेहद जिम्मेदारी के साथ बोल रहे हैं और उनके पास जो सूचनाएं और खुफिया स्रोत हैं, वे पूरी तरह से सटीक हैं। सांसद के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मच गया है।

हत्या की रची जा रही साजिश

चंद्रशेखर आजाद ने अपने वीडियो बयान में कहा कि चाहे यूजीसी का मुद्दा हो या फिर आरक्षण के विरोध में चल रहे आंदोलन, वह अकेले आजाद समाज पार्टी की तरफ से लगातार मुखर होकर शोषितों की आवाज उठा रहे हैं। जहां भी दलितों, पिछड़ों और वंचितों पर अत्याचार हुआ है, वहां उन्होंने मजबूती से लड़ाई लड़ी है।

उन्होंने विरोधियों पर हमला बोलते हुए कहा कि जब ये लोग उन्हें राजनीतिक रूप से रोकने में नाकाम साबित हो रहे हैं, तब एक फार्म हाउस में उनकी हत्या का प्लान तैयार किया गया है।

‘मौत तो एक दिन आनी ही है…’

अपनी सुरक्षा और संभावित खतरे पर बात करते हुए सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि “मौत तो एक दिन आनी ही है और मौत से डरकर जिया नहीं जा सकता”। उन्होंने अपने विरोधियों को सीधी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी मौत विरोधियों के हाथों लिखी होगी तो वह हो जाएगी, लेकिन अगर उनके लोग साथ खड़े रहे तो ऐसे गुंडों और अपराधियों को उत्तर प्रदेश से पलायन करने पर मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने अपने समर्थकों से भी निर्भीक रहने और संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।

ये भी पढ़े-UP की दीदियां ग्लोबल मार्केट को देंगी टक्कर :Yogi

कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

चंद्रशेखर आजाद ने प्रदेश सरकार से इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है ताकि साजिशकर्ताओं का सच जनता के सामने आ सके। इसके साथ ही उन्होंने बाराबंकी में उनके काफिले पर हुए पथराव और गाड़ियों में आग लगाने के प्रयास का जिक्र करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।

उन्होंने कहा कि जब एक सुरक्षा प्राप्त चुने हुए जनप्रतिनिधि के साथ दिनदहाड़े ऐसी घटनाएं हो सकती हैं, तो आम दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

ये भी पढ़े-सफलता की यात्रा कहीं से भी शुरू हो सकती है:शुभांशु शुक्ला

Back to top button