
राजस्थान-बिहार समेत आठ राज्यों में बारिश का Yellow Alert
कर्नाटक में सूखे का संकट
Karnataka Delhi: दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई से पहले देश के कई हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ( IMD ) ने शुक्रवार के लिए बिहार,पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम, पूर्वी राजस्थान, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरलम सहित आठ राज्यों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। जहां एक ओर उत्तर-पूर्व और मध्य भारत में बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं दक्षिण भारत के कर्नाटक में बारिश की कमी के चलते सूखे का संकट गहरा गया है।
सिक्किम में लैंडस्लाइड, 128 लोग विस्थापित उत्तर-पूर्व के पहाड़ी राज्य सिक्किम के ग्यालशिंग जिले स्थित रिम्बी क्षेत्र में भारी बारिश के बाद भीषण भूस्खलन हुआ है। लैंडस्लाइड के कारण 28 मकानों पर सीधा खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित इलाकों से 128 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
कर्नाटक में गहराया सूखा (124 ब्लॉक सूखाग्रस्त) मानसूनी बारिश की भारी कमी के कारण कर्नाटक सरकार ने गुरुवार को 23 और तालुकों ( ब्लॉक ) को सूखाग्रस्त घोषित कर दिया है। इसके साथ ही राज्य में कुल सूखाग्रस्त तालुकों की संख्या बढ़कर 124 हो गई है।
राजस्थान में जयपुर, सीकर और अजमेर समेत कई जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश दर्ज की गई। बूंदी जिले में अचानक हुई बारिश से खेतों में कटाई के बाद रखी उड़द और सोयाबीन की पकी फसलें भीग गईं, जिससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है।
मध्य प्रदेश के 32 जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान व्यापक वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की औपचारिक विदाई से पहले मध्य भारत में मानसूनी बारिश का एक और सक्रिय दौर देखने को मिल रहा है।





