
श्री परमानंद हरिहर मंदिर में 19 सितंबर को होगा राधा अष्टमी हवन पूजन
Radha Ashtami 2026: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सनातन संस्कृति और जनजागृति के प्रसार के लिए विविध धार्मिक व आध्यात्मिक आयोजनों की श्रृंखला जारी है। ईश्वरीय स्वप्नाशीष सेवा समिति की सनातन ध्वजवाहिका सपना गोयल ने जानकारी दी कि भाद्रपद शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि के अवसर पर शनिवार, 19 सितंबर 2026 को देवा रोड स्थित श्री परमानंद हरिहर मंदिर में विधि-विधान के साथ राधा अष्टमी का पावन हवन-पूजन आयोजित किया जाएगा।
फिल्म ‘हनुमान अंश’ की स्पेशल स्क्रीनिंग
सनातन जनजागृति अभियान के तहत सपना गोयल के नेतृत्व में बुधवार, 16 सितंबर 2026 को गोमती नगर स्थित वेव सिनेमा में 200 से अधिक सनातनी महिलाओं के लिए आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई। इस दौरान फिल्म के कलाकार अमित दुबे और स्निग्धा द्विवेदी का सम्मान किया गया। इससे पूर्व 8 सितंबर को फन रिपब्लिक मॉल में आयोजित स्क्रीनिंग में विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।
25 सितंबर को सुंदरकांड पाठ
समिति द्वारा चलाए जा रहे महा तीर्थाटन अभियान के अंतर्गत आगामी शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को अयोध्या स्थित श्री रामजन्मभूमि मंदिर परिसर में मासिक सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा।
वर्तमान में सुंदरकांड का यह अभियान उत्तर प्रदेश के 42 जिलों और देश के 10 राज्यों तक पहुंच चुका है। इससे पूर्व नैमिषारण्य, काशी विश्वनाथ, हरिद्वार, चित्रकूट, प्रयागराज और श्रीकृष्ण जन्मभूमि जैसे प्रमुख तीर्थों पर भी सामूहिक पाठ संपन्न कराए जा चुके हैं।
11 हजार महिलाओं के पाठ का संकल्प
सपना गोयल ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य भारत को पुनः विश्व गुरु के रूप में प्रतिष्ठित करना है। इस दिशा में कार्य करते हुए समिति द्वारा सेवा परमो धर्मः और स्वदेशी अपनाने का संदेश भी लगातार दिया जा रहा है।
इसी कड़ी में समिति का आगामी संकल्प है कि चालू वर्ष के दिसंबर माह में लखनऊ में 11 हजार सनातनी महिलाओं के विशाल और भव्य सामूहिक सुंदरकांड पाठ का अनुष्ठान सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाए।





