
रणवीर सिंह 1000 बेटियों की पढ़ाई का उठाएंगे खर्च, आलिया-रणबीर संवारेंगे 20 स्कूल
PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर बॉलीवुड सितारों ने समाज सेवा के माध्यम से एक अनूठी पहल की शुरुआत की है। देश भर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत फिल्म उद्योग की प्रमुख हस्तियों ने सामाजिक कल्याण के लिए बड़े संकल्प लिए हैं।
इस अभियान में अभिनेता रणवीर सिंह, आलिया भट्ट और रणबीर कपूर जैसे बड़े कलाकारों ने शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने का फैसला किया है।
रणवीर ने बेटियों की पढ़ाई का लिया जिम्मा
मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा पंडाल में दर्शन के लिए पहुंचे अभिनेता रणवीर सिंह ने बप्पा का आशीर्वाद लेने के साथ ही एक बड़ी सामाजिक घोषणा की। रणवीर सिंह ने बताया कि वे सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर 1000 वंचित लड़कियों की शिक्षा का पूरा खर्च उठाएंगे। उन्होंने कहा कि बप्पा के आशीर्वाद से उनके परिवार में खुशहाली आई है और वे इस सेवा कार्य के जरिए समाज को वापस लौटाना चाहते हैं।
आलिया-रणबीर संवारेंगे स्कूल
दूसरी ओर, अभिनेत्री आलिया भट्ट और उनके पति रणबीर कपूर ने भी शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए हाथ बढ़ाया है। आलिया भट्ट ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए इस पहल की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि वे और रणबीर कपूर बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) की सिफारिश के आधार पर मुंबई के 20 सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे का कायाकल्प करेंगे।
ये भी पढ़े- Mirzapur The Movie के क्लाइमेक्स से हटेगा ‘शूरवीर’ गाना? सीन पर भड़का दिल्ली हाई कोर्ट
क्या है सेवा संकल्प अभियान?
सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों की मदद करना और सार्वजनिक संस्थानों को बेहतर बनाना है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। इस एक महीने तक चलने वाले अभियान के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्तदान और स्वच्छता से जुड़े कई सामाजिक कार्य पूरे देश में चलाए जा रहे हैं।
ये भी पढ़े- सेंसर बोर्ड में बड़ा बदलाव, पंकज त्रिपाठी समेत 18 सदस्यों की नई टीम का ऐलान





