IIT बॉम्बे में बीटेक सेकंड ईयर के छात्र ने की खुदकुशी

IIT बॉम्बे में छात्रों का प्रदर्शन, पुलिस बल तैनात

IIT बॉम्बे  MUMBAI: देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थान भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT बॉम्बे), पवई परिसर में बीटेक द्वितीय वर्ष के एक छात्र द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या किए जाने के बाद तनाव फैल गया है। इस दर्दनाक घटना से आक्रोशित छात्रों ने आधी रात को परिसर में एकत्र होकर प्रशासन के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिसर में बढ़ती संवेदनशीलता को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

घटना के बाद सैकड़ों छात्र हॉस्टल और प्रशासनिक भवनों के बाहर जमा हो गए। विरोध प्रदर्शन में शामिल छात्र अंश ने कहा, “हम सब बेहद दुखी हैं। यह घटना स्तब्ध करने वाली है। वह हमारे बीच का ही एक साथी था और ऐसा महसूस हो रहा है कि हमारा ही कोई अपना हमेशा के लिए पीछे छूट गया हो।”
छात्र ने आगे कहा कि ऐसे संवेदनशील समय में किसी पर सीधा दोष मढ़ने के बजाय सभी को एकजुट होना चाहिए। परिसर में ‘प्रशासन बनाम छात्र’ जैसी स्थिति पैदा होने से रोकने और छात्रों की मानसिक स्थिति व सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की जा रही है।

पवई क्षेत्र के डीसीपी दत्तात्रेय नलवाडे मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रशासन और छात्रों के बीच वार्ता: डीसीपी नलवाडे ने बताया कि छात्र की आत्महत्या की दुखद घटना के बाद कुछ छात्र अपनी मांगों को लेकर एकत्र हुए थे। IIT प्रशासन छात्रों के साथ निरंतर संवाद कर रहा है ताकि सभी मुद्दों का सौहार्दपूर्ण समाधान निकाला जा सके।

Back to top button