UP News: डबल मर्डर से दहला जौनपुर, भाई ने मां-बहन को कुल्हाड़ी से काटा

Jaunpur Double Murder: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र स्थित सैदुपुर गांव में संपत्ति और वसीयत के विवाद ने दिल दहला देने वाली वारदात का रूप ले लिया। इकलौते भाई ने मामूली कहासुनी के बाद कुल्हाड़ी से हमला करके अपनी 70 वर्षीया मां और 45 वर्षीया सगी बहन की बेरहमी से हत्या कर दी।

दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आलाकत्ल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

फसल ढोने को लेकर शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी भूपेंद्र पटेल और उसकी शादीशुदा बहन गौरा देवी के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर खींचतान चल रही थी। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे गौरा देवी उड़द की फसल खेत से लाने के लिए ठेला (सगड़ी) ले जाने की बात कर रही थी।

इसी बात को लेकर भाई-बहन के बीच तीखी बहस छिड़ गई। गुस्साए भूपेंद्र ने घर के अंदर से कुल्हाड़ी लाकर गौरा देवी पर जानलेवा हमला कर दिया। बेटी को बचाने बीच-बचाव करने पहुंची मां शीतला देवी भी कुल्हाड़ी के वार की चपेट में आ गईं। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वसीयत करने के बाद से ही रिश्तों में दरार

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के पिता प्राथमिक विद्यालय में सेवानिवृत्त शिक्षक थे, जिनकी कोरोना काल के दौरान मृत्यु हो गई थी। पिता ने अपनी मौत से पहले कुछ जमीन अपनी सबसे छोटी बेटी गौरा देवी के नाम वसीयत कर दी थी। पिता के निधन के बाद जब वसीयत की बात सामने आई, तो छह बहनों में इकलौता भाई भूपेंद्र अपनी मां और बहनों से रंजिश रखने लगा और अलग रहने लगा। गौरा देवी अक्सर मां शीतला देवी की देखभाल के लिए मायके आती-जाती रहती थी, जो भाई को नागवार गुजरता था।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह, सीओ मड़ियाहूं और भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्य आरोपी भूपेंद्र पटेल को हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों से पूछताछ कर वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Back to top button