
‘शर्ट के बटन खोलो और इनरवियर..’, राधिका आप्टे से मेकर्स ने की अजीब डिमांड
Radhika Apte Interview: अपनी बेबाक अदाकारी और लीक से हटकर किरदारों के लिए पहचानी जाने वाली अभिनेत्री राधिका आप्टे ने फिल्म इंडस्ट्री के रवैये पर सवाल खड़े किए हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान राधिका ने फिल्मों में बिना किसी वजह के बोल्ड और इंटीमेट सीन शामिल करने की प्रवृत्ति पर कड़ा ऐतराज जताया।

उन्होंने अपने करियर से जुड़ी एक चौंकाने वाली घटना का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे एक मेकर ने उन्हें एक्शन सीन के दौरान शर्ट उतारकर सिर्फ इनरवियर में शूटिंग करने का सुझाव दिया था।

करियर की शुरुआत में न्यूड सीन
राधिका आप्टे ने बताया कि करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने चार-पांच ऐसी फिल्मों में काम किया था जिनमें कहानी की मांग के मुताबिक बोल्ड और न्यूड सीन थे। हालांकि, इसके बाद इंडस्ट्री के कई लोगों ने यह मान लिया कि वह किसी भी प्रोजेक्ट में बिना सवाल किए ऐसे सीन करने को तैयार हो जाएंगी।

राधिका के मुताबिक, मेकर्स अक्सर सोचते थे कि ‘यह तो कर ही लेगी’ और सेट पर बिना स्क्रिप्ट की मांग के 15 सेकंड का इम्प्रोवाइजेशन या किसिंग सीन करने की बेतुकी गुजारिशें करने लगते थे।

सीन के दौरान जब मेकर ने रखी अजीब शर्त
अपने एक कड़वे अनुभव को साझा करते हुए राधिका ने बताया कि एक प्रोजेक्ट की शूटिंग के दौरान उनसे पूछा गया कि क्या वह बिना शर्ट के बटन लगाए एक्शन सीन कर सकती हैं। जब राधिका ने कहा कि एक्शन के दौरान शर्ट का हिलना स्वाभाविक है और यह बेसिक फिजिक्स है, तो उन्हें ब्रा और अंडरवियर में सीन शूट करने की सलाह दे दी गई।

इस पर हैरान होकर राधिका ने मेकर से पूछा कि आखिर वे उनसे क्या करवाने की कोशिश कर रहे हैं और इस सीन का औचित्य क्या है।

स्क्रिप्ट पर सवाल उठाना जरूरी
अभिनेत्री ने जोर देकर कहा कि किसी भी बोल्ड या इंटीमेट सीन को सिर्फ दर्शकों को लुभाने के लिए शामिल नहीं किया जाना चाहिए। कलाकारों को यह अधिकार होना चाहिए कि वे डायरेक्टर से पूछ सकें कि उस सीन की पटकथा में क्या जरूरत है।

राधिका के अनुसार, समय के साथ उन्होंने अपनी सीमाएं तय करना और बेवजह की मांगों को मना करना सीख लिया है।
(All Photo Credit-From Social Media)





