
सगाई के बंधन में बंधेंगे UP के मंत्री, कल्याण सिंह के दोनों पौत्रों की होगी एक साथ शादी
UP News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में अहम प्रभाव रखने वाले और पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कल्याण सिंह के सियासी घराने में शहनाई बजने जा रही है। कल्याण सिंह के पौत्र और योगी सरकार में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह आगामी नवंबर महीने में परिणय सूत्र में बंधने जा रहे हैं।
इसके साथ ही उनके छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा की भी सगाई होने जा रही है, जिससे इस प्रतिष्ठित वीआईपी परिवार में खुशियां दोगुनी हो गई हैं।
दिल्ली में होगी शादी
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मंत्री संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा की सगाई 14 नवंबर को अलीगढ़ में आयोजित की जाएगी। वहीं, दोनों भाइयों का विवाह समारोह 27 नवंबर को दिल्ली के एक प्रतिष्ठित होटल में संपन्न होगा। शादी के मुख्य कार्यक्रमों के अलावा अलीगढ़ में पारंपरिक रस्में होंगी और विवाह संपन्न होने के बाद लखनऊ व दिल्ली में भव्य रिसेप्शन कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
अलीगढ़ स्थित राज पैलेस में तैयारियां शुरू
इस हाई-प्रोफाइल वैवाहिक कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। अलीगढ़ स्थित राज पैलेस में रंगाई-पुताई और मरम्मत का काम अंतिम चरण में है। हालांकि परिवार की ओर से अभी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन अंदरखाने शादी के लिए कैटरर्स बुक किए जा चुके हैं और वेडिंग प्लानर के साथ मिलकर भव्य आयोजनों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
राजनीतिक हस्तियों का लगेगा जमावड़ा
वीआईपी वैवाहिक समारोह के लिए निमंत्रण भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अलीगढ़ में होने वाले पारंपरिक आयोजनों में उत्तर प्रदेश की तमाम राजनीतिक हस्तियों के जुटने की उम्मीद है। वहीं, दिल्ली में आयोजित होने वाले मुख्य विवाह समारोह में भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व, केंद्र सरकार के प्रमुख मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और देश के बड़े औद्योगिक घरानों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।




