अखिलेश के ‘PDA रथ’ पर मायावती का तंज, बोलीं ‘गिरगिट की तरह रंग बदल रही सपा’

UP News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गर्माहट अभी से बढ़ने लगी है। बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा तैयार कराए गए ‘पीडीए रथ’ (PDA Rath) पर तीखा हमला बोला है।

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्विटर) पर सिलसिलेवार पोस्ट शेयर करते हुए आरोप लगाया कि अखिलेश यादव का यह चुनावी रथ लाल रंग से ज्यादा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के ‘भगवा’ रंग में ढला हुआ नजर आ रहा है।

गिरगिट की तरह रंग बदलने का आरोप

मायावती ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आते ही राजनीतिक फायदों के लिए रंग बदलना समाजवादी पार्टी की पुरानी आदत रही है। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख का यह रूप देखकर आम जनता के बीच यही चर्चा हो रही है कि वोट पाने के स्वार्थ में यह गिरगिट की तरह रंग बदलना है। मायावती ने सवाल उठाया कि क्या अब अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश के मुस्लिम समाज से पूरी तरह भरोसा उठ चुका है, जिसके कारण वे अपनी विचारधारा और प्रतीकों का भगवाकरण करने में लगे हैं।

मुस्लिम समाज सपा का सच समझ चुका है

बसपा प्रमुख ने उत्तर प्रदेश के मुस्लिम मतदाताओं को आगाह करते हुए कहा कि राज्य का मुस्लिम समाज अब सपा की कड़वी हकीकत को अच्छी तरह समझ चुका है। उन्होंने कहा कि पिछले कई चुनावों में मुस्लिम समाज ने एकजुट होकर और एकतरफा वोट देकर समाजवादी पार्टी का समर्थन किया था। इसके बावजूद सपा केंद्र या उत्तर प्रदेश में बीजेपी को सत्ता में आने से रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। ऐसे में बार-बार सपा को वोट देकर अपना कीमती वोट बर्बाद करने का कोई औचित्य नहीं रह जाता।

ये भी पढ़े-भाजपा नेता रविशंकर सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से की मुलाकात

बीएसपी की तरफ बढ़ रहे मुस्लिम

मायावती ने दावा किया कि जैसे अपरकास्ट समाज में से खासकर ब्राह्मण वर्ग तेजी से बहुजन समाज पार्टी के साथ जुड़ रहा है, ठीक उसी तरह अब मुस्लिम समाज का नजरिया भी तेजी से बदल रहा है। मुस्लिम समाज अब बीएसपी की तरफ उम्मीद भरी नजरों से देख रहा है। मायावती के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में सपा और बसपा के बीच पीडीए तथा मुस्लिम वोट बैंक पर वर्चस्व की जंग और तेज होने के आसार बन गए हैं।

ये भी पढ़े-सपा महिला सभा में रीता शुक्ला का बढ़ा कद, राष्ट्रीय सचिव पद की मिली जिम्मेदारी

Back to top button