CID बनकर बुजुर्ग से ठगी, चाकू मारने का किया ड्रामा; सोने की चेन-अंगूठी लेकर फरार

Fake CID: धार के राजगढ़ में 66 वर्षीय बुजुर्ग को बाइक सवार दो बदमाशों ने खुद को CID अधिकारी बताकर डराया, चाकू मारने का ड्रामा किया और सोने की चेन-अंगूठी उतरवा ली; घर पहुंचने पर पुड़िया में नकली जेवर मिले।

Rajgarh: मध्य प्रदेश के धार जिले के राजगढ़ में ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दो बदमाशों ने खुद को CID पुलिसकर्मी बताकर 66 वर्षीय बुजुर्ग को डराया और पुलिसिया रौब दिखाते हुए उनके सोने के आभूषण उतरवा लिए। बदमाशों ने बुजुर्ग को झांसा देकर उनकी सोने की चेन और अंगूठी एक पुड़िया में रखवाई और फिर उसे वापस थमा दिया।

बुजुर्ग जब घर पहुंचे और पुड़िया खोलकर देखी तो उनके होश उड़ गए। उसमें असली सोने की चेन और अंगूठी की जगह आर्टिफिशियल चेन और चांदी जैसी धातु की अंगूठी रखी हुई थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मोटरसाइकिल से पहुंचे दो बदमाश
पुलिस के अनुसार, घटना 22 सितंबर की सुबह करीब 7:35 बजे की है। राजगढ़ की जमाई कॉलोनी निवासी सरदार सिंह सोलंकी (66) बस स्टैंड से फूलमाला लेकर अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नरटोडी मेन रोड पर मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्ति उनके पास पहुंचे और उन्हें रुकने के लिए कहा।

बदमाशों ने खुद को CID का पुलिसकर्मी बताया और बुजुर्ग से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस की पहचान बताकर उन्होंने ऐसा माहौल बनाया कि बुजुर्ग घबरा गए।

चाकू मारने का किया ड्रामा
आरोप है कि बदमाशों ने बुजुर्ग को डराने के लिए चाकू मारने का ड्रामा भी किया। इसके बाद उन्होंने बुजुर्ग से कहा कि रास्ते में सोने के आभूषण पहनकर चलना सुरक्षित नहीं है और जेवर उतारकर रखने की बात कही।

डर के कारण बुजुर्ग ने अपने गले से सोने की चेन और हाथ की अंगूठी उतार दी। बदमाशों ने दोनों आभूषण एक पुड़िया में रखने का दिखावा किया।

यह भी पढ़ें…

बारिश बनी काल! नलखेड़ा में बरसाती नाले में बही श्रद्धालुओं से भरी कार, 8 की मौत…

असली जेवर की जगह थमा दी नकली ज्वेलरी
बदमाशों ने पुड़िया बनाकर उसे बुजुर्ग को वापस दे दिया। इसके बाद दोनों मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। उस समय बुजुर्ग को शक नहीं हुआ।

घर पहुंचने के बाद जब उन्होंने पुड़िया खोली तो उसमें असली जेवर गायब थे। उनकी जगह नकली चेन और चांदी जैसी धातु की अंगूठी रखी मिली। इसके बाद बुजुर्ग को समझ आया कि उनके साथ ठगी हो चुकी है।

यह भी पढ़ें…

‘व्यापारियों के गणेश’ की अनोखी कहानी, चाबी से लेकर चोला त्यागने तक जानें मंदिर की मान्यता

पुलिस ने शुरू की बदमाशों की तलाश
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मोटरसाइकिल सवार दोनों संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस आम लोगों से अपील कर रही है कि यदि कोई व्यक्ति खुद को पुलिस, CID या किसी अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर सड़क पर रोकता है और जेवर या कीमती सामान उतारने को कहता है, तो बिना सत्यापन के उसकी बात न मानें। ऐसी स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या संबंधित पुलिस अधिकारी से संपर्क करना चाहिए।

यह भी पढ़ें…

सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत! रिटायरमेंट के बाद वसूली पर हाई कोर्ट ने लगाई रोक

Back to top button