
BJP ने जारी की प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नई सूची, जानें किसे मिली कहां की कमान?
BJP State Incharges List 2026: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी संगठनात्मक प्राथमिकताओं और राज्यों के राजनीतिक समीकरणों को साधने के उद्देश्य से देश भर के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के प्रभारियों व सह-प्रभारियों की नई सूची जारी कर दी है।
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और केंद्रीय आलाकमान की मंजूरी के बाद जारी इस सूची में वरिष्ठ नेताओं, केंद्रीय मंत्रियों और अनुभवी संगठनकर्ताओं को अलग-अलग प्रदेशों की महत्वपूर्ण कमान सौंपी गई है।
विनोद तावड़े बने उत्तर प्रदेश के प्रभारी
देश के सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक राज्य उत्तर प्रदेश की कमान पार्टी ने एक बार फिर वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े को सौंपी है। वहीं दूसरी ओर, महाराष्ट्र में बैजयंत जय पांडा को प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। महाराष्ट्र में संगठन को मजबूती देने के लिए बीजेपी ने बैजयंत पांडा के साथ अमित मालवीय, सदानंद शेट तनावाडे और कमलजीत सहरावत को सह-प्रभारी नियुक्त किया है।

स्मृति ईरानी को मिला यहां का प्रभार
पार्टी नेतृत्व ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर बड़ा भरोसा जताते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ और हरियाणा राज्यों के संगठनात्मक प्रभार की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। छत्तीसगढ़ में उनके साथ सिद्धार्थ शम्भू को सह-प्रभारी के रूप में तैनात किया गया है। इसके अलावा बिहार में पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को प्रदेश प्रभारी बनाया गया है, जबकि संगीता यादव और रोहन गुप्ता को सह-प्रभारी का दायित्व मिला है।

दिल्ली, पंजाब और उत्तराखंड में नए चेहरों को मौका
राजधानी दिल्ली में संगठन को मजबूती देने के लिए डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे को प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिनके साथ जामयांग त्सेरिंग नामग्याल और दर्शनाबेन जरदोश सह-प्रभारी का काम संभालेंगे। पंजाब में राजस्थान के वरिष्ठ नेता डॉ. सतीश पूनिया को प्रभारी और अलका गुर्जर को सह-प्रभारी बनाया गया है। उत्तराखंड में राम माधव को प्रभारी और बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी की भूमिका सौंपी गई है।

दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए बीजेपी का खास प्लान
पूर्व उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी राज्यों में जनाधार बढ़ाने के लिए वरिष्ठ रणनीतिज्ञों को आगे लाया गया है। सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल और तेलंगाना का प्रभार सौंपा गया है। झारखंड में गजेंद्र पटेल को प्रभारी बनाते हुए उनके साथ सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। लद्दाख में राजकुमार भाटिया और केरल में एम. नागराजा को संगठनात्मक जिम्मेदारियों से नवाजा गया है।






