
डोनाल्ड ट्रंप ने प्रोटोकॉल तोड़कर राष्ट्रपति शी जिनपिंग का किया भव्य स्वागत
अमेरिका-चीन का राष्ट्रगान बजाकर दी सलामी
Washington US President Donald Trump Chinese President Xi Jinping: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अपनी तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर अमेरिका पहुंचे हैं, जहां उनका अभूतपूर्व और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सारे कूटनीतिक प्रोटोकॉल को दरकिनार करते हुए खुद ज्वाइंट बेस एंड्रयूज (Joint Base Andrews) पहुंचकर शी जिनपिंग की अगवानी की। वर्ष 1962 के बाद यह पहला मौका है जब किसी मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस सैन्य एयरबेस के रनवे पर खड़े होकर किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष का व्यक्तिगत रूप से स्वागत किया हो। जानकारों के अनुसार, यह भव्य स्वागत दर्शाता है कि ट्रंप प्रशासन चीन के साथ द्विपक्षीय संबंधों और इस दौरे को कितना असाधारण महत्व दे रहा है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने रनवे पर बिछाए गए रेड कार्पेट पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का गर्मजोशी से स्वागत किया। विमान से नीचे उतरते ही दोनों शीर्ष नेताओं ने हाथ मिलाया। शी जिनपिंग के आगमन के ठीक समय अमेरिकी वायुसेना के दो बी-1 लांसर (B-1 Lancer) बमवर्षक विमानों ने एयरबेस के ऊपर से भव्य फ्लाईपास्ट किया। अमेरिकी सैन्य बैंड ने दोनों देशों—अमेरिका और चीन का राष्ट्रगान बजाया और औपचारिक सलामी दी। इस दौरान दोनों देशों के राष्ट्रध्वज लहराए गए। औपचारिक अगवानी समारोह के बाद दोनों नेता अलग-अलग काफिलों में वॉशिंगटन डीसी के लिए रवाना हुए।ऐतिहासिक यात्रा की शुरुआत के साथ ही दोनों महाशक्तियों के बीच जारी आर्थिक तनातनी पर भी एक बड़ी कूटनीतिक राहत सामने आई है।
अमेरिकी ट्रेजरी सचिव (वित्त मंत्री) स्कॉट बेसेंट ने पुष्टि की कि अमेरिका और चीन अपने व्यापार युद्धविराम (Trade Truce) को आगे बढ़ाने पर सहमत हो गए हैं।





