UP इंटरनेशनल ट्रेड शो का आगाज, गृह मंत्री और CM योगी ने किया उद्घाटन

UP International Trade Show 2026: उत्तर प्रदेश को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग और सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 (UPITS 4.0) का शुभारंभ 25 सितंबर को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में हो गया है।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से इस पांच दिवसीय मेगा इवेंट का उद्घाटन किया। 25 से 29 सितंबर 2026 तक चलने वाले इस ट्रेड शो का मुख्य उद्देश्य राज्य के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs), स्थानीय उद्यमियों, हस्तशिल्पियों और निर्यातकों को सीधे अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ना है।

85 देशों की भागीदारी

इस वर्ष यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का दायरा और अधिक व्यापक हुआ है। कार्यक्रम में ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम जैसे 6 देश बतौर पार्टनर कंट्री शामिल हुए हैं।

आयोजन में 85 से अधिक देशों के 550 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खरीदार भाग ले रहे हैं। इसके साथ ही 2,400 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पादों को प्रदर्शित कर रहे हैं। पूरे आयोजन के दौरान 1.5 लाख से अधिक बीटूबी (B2B) खरीदारों और 4.5 लाख से अधिक आम विजिटर्स के पहुंचने की संभावना है।

‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ का नया आकर्षण

उत्तर प्रदेश की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने वाली योजना ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ (ODOP) के साथ-साथ इस बार ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ (ODOC) को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है।

इसके जरिए प्रदेश के सभी जिलों की पारंपरिक खान-पान शैली, स्थानीय व्यंजनों और खाद्य विरासत को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शनी में इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EV), डिफेंस इक्विपमेंट, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों के स्टॉल भी लगाए गए हैं।

तकनीकऔर संस्कृति का अनूठा संगम

पांच दिनों तक चलने वाले इस ट्रेड शो में व्यापारिक प्रदर्शनियों के अलावा नॉलेज सेशन्स भी आयोजित होंगे। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, खाद्य प्रसंस्करण (Food Processing), डिजिटल ट्रेड और एमएसएमई नीति जैसे विषयों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। शाम के समय उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को दर्शाते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव परफॉर्मेंस और फैशन शो आयोजित किए जाएंगे।

Back to top button