
Asian Games 2026: कबड्डी में भारत की बेटियों का जलवा, ईरान को हराकर जीता सोना
Asian Games 2026: जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई खेल 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित कर दी है। सांसें थमा देने वाले एक बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने अपनी चिर-प्रतिद्वंद्वी टीम ईरान को 37-34 के अंतर से पराजित करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया।
इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारतीय बेटियों ने एशियाई खेलों के इतिहास में अपना चौथा स्वर्ण पदक हासिल कर देश का मान बढ़ाया है।
पहले हाफ में दिखाया दबदबा
खिताबी मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक और रणनीतिक खेल का प्रदर्शन किया। मैच के शुरुआती मिनटों में दोनों टीमें बराबरी पर थीं, लेकिन पूजा और भावना देवी के बेहतरीन रेड और टैकल की बदौलत भारत ने ईरान को ऑल-आउट करके 22-16 से मजबूत बढ़त बना ली।
हालांकि, मध्यांतर के बाद ईरान की टीम ने जोरदार पलटवार किया और स्कोर में तेजी से अंतर कम करते हुए मैच में कड़ा मुकाबला बना दिया।
ये भी पढ़े-Asian Games: सीमा ने तोड़ दीं सारी सीमाएं, टूटे जूते से दौड़कर रचा इतिहास
पूजा और संजू का शानदार प्रदर्शन
ईरान ने दूसरे हाफ में 18-15 से बढ़त बनाकर भारत पर भारी दबाव बनाने की कोशिश की। एक समय स्कोर 27-26 पर पहुंच गया था, लेकिन भारतीय रेडर्स पूजा और संजू देवी ने दबाव के क्षणों में अपना धैर्य नहीं खोया। दोनों ने महत्वपूर्ण अंक हासिल करके टीम की बढ़त को अंत तक कायम रखा और मैच 37-34 से भारत के पक्ष में खत्म हुआ।
ये भी पढ़े-एशियन गेम्स में भारत का ‘गोल्डन’ निशाना, सुरुचि और कमलजीत ने शूटिंग में जीता सोना
एशियाई खेलों में भारत का तीसरा गोल्ड
इस खिताबी जीत के साथ ही भारत ने 2018 जकार्ता एशियाई खेलों के फाइनल में ईरान से मिली हार का हिसाब भी बराबर कर लिया। मौजूदा एशियाई खेल 2026 में भारत का यह कुल तीसरा स्वर्ण पदक है। मुकाबला खत्म होते ही पूरे स्टेडियम में भारत के राष्ट्रध्वज तिरंगे के साथ जश्न का माहौल देखने को मिला।
ये भी पढ़े-एशियाई खेलों के 5वें दिन भारत का शानदार प्रदर्शन, जानें मेडल टैली और बड़े अपडेट्स





