
मायावती का बड़ा संगठनात्मक फैसला, BSP 3 सेक्टर में बंटी; यूपी-उत्तराखंड सीधे निगरानी में
Mayawati BSP News: BSP को तीन सेक्टर में बांटकर मायावती ने संगठन की जिम्मेदारियां तय कीं, 19 राज्यों में वरिष्ठ नेताओं को कमान; यूपी-उत्तराखंड सीधे केंद्रीय कार्यालय की निगरानी में, आपदा प्रभावित लोगों की मदद के निर्देश**
Lucknow: बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने पार्टी संगठन में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने देशभर के संगठनात्मक कामकाज को तीन सेक्टर में बांट दिया है। इसके तहत दो सेक्टरों में अलग-अलग वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को तीसरे सेक्टर में रखते हुए इसकी निगरानी सीधे लखनऊ स्थित केंद्रीय कार्यालय से होगी।
तीन सेक्टर में बांटा गया BSP का संगठन
मायावती के मुताबिक, सेक्टर नंबर-1 में 10 राज्यों को शामिल किया गया है। इसकी जिम्मेदारी राज्यसभा सांसद रामजी गौतम और सुरेश रावको केंद्रीय सेक्टर प्रभारी के तौर पर दी गई है। दोनों नेता संबंधित राज्यों में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज की निगरानी करेंगे।
वहीं सेक्टर नंबर-2 में 9 राज्यों को रखा गया है। इसकी जिम्मेदारी पूर्व राज्यसभा सांसद राजाराम और पूर्व विधायक अतर सिंह राव को सौंपी गई है। दोनों केंद्रीय सेक्टर प्रभारी के तौर पर इन राज्यों में पार्टी के कामकाज को देखेंगे।
यूपी-उत्तराखंड सीधे मायावती की निगरानी में
सेक्टर नंबर-3 में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को शामिल किया गया है। इन दोनों राज्यों के संगठन का कामकाज लखनऊ स्थित बसपा के केंद्रीय कैंप कार्यालय से सीधे देखा जाएगा। मायावती ने कहा है कि इन दोनों राज्यों पर उनकी खुद भी नजर रहेगी।
बसपा के मुताबिक, संगठन को तीन सेक्टरों में बांटने का उद्देश्य पार्टी संगठन को तैयार करना और सर्वसमाज में पार्टी के जनाधार को बढ़ाना है।
बारिश और आपदा प्रभावित लोगों की मदद के निर्देश
मायावती ने संगठनात्मक बदलाव के साथ-साथ देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं।
उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा है कि जहां प्राकृतिक आपदा से जान-माल का नुकसान हुआ है, वहां अपनी क्षमता के अनुसार प्रभावित लोगों की मदद करें। उन्होंने यह भी कहा कि राहत के नाम पर अलग से धन इकट्ठा नहीं किया जाए, ताकि इसका गलत इस्तेमाल न हो।
प्रभावित राज्यों में ईशान आनंद को भेज सकती हैं मायावती
मायावती ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर ज्यादा प्रभावित राज्यों में बसपा के राष्ट्रीय प्रभारी ईशान आनंद को भेजा जा सकता है। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि जरूरत पड़ने पर वह खुद भी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर सकती हैं।
मायावती ने केंद्र सरकार से भी प्राकृतिक आपदा से प्रभावित राज्यों को समय पर पूरी मदद उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। महाराष्ट्र के सूखे से प्रभावित इलाकों और किसानों की मदद का मुद्दा भी उन्होंने उठाया है।





