टल गई तीन दिनों की देशव्यापी बैंक हड़ताल, जानें आज खुले रहेंगे बैंक या नहीं

Bank Strike Postponed: देशभर के करोड़ों बैंक ग्राहकों और आम जनता के लिए बड़ी राहत की खबर है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) द्वारा 28 से 30 सितंबर तक बुलाई गई तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। रविवार देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और बैंक यूनियनों के प्रतिनिधियों के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठक में सकारात्मक बातचीत और आश्वासन के बाद यह फैसला लिया गया।

इसके साथ ही सोमवार (28 सितंबर) को देश के सभी सरकारी और निजी बैंकों की शाखाएं अपने तय समय पर सामान्य रूप से खुली रहेंगी और बैंकिंग सेवाएं बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगी।

बैठक में बनी सहमति

यह फैसला रविवार रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और UFBU के बीच हुई लंबी वार्ता के बाद सामने आया। यूएफबीयू ने बयान जारी कर बताया कि प्रबंधन और आईबीए की ओर से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद हड़ताल टालने का निर्णय लिया गया है।

दोनों पक्षों के बीच बैंक कर्मचारियों के लिए सभी शनिवारों को आधिकारिक अवकाश घोषित करने (5-डे वर्किंग वीक) की लंबे समय से चली आ रही मांग और परफॉर्मेंस-लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम से जुड़ी चिंताओं पर चर्चा हुई। अब IBA और UFBU की एक संयुक्त समिति बनाई जाएगी जो इन लंबित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा कर अंतिम समाधान निकालेगी।

बैंकों में सामान्य रूप से होगा कामकाज

हड़ताल टलने के बाद अब ग्राहकों को किसी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। सोमवार से शुरू हो रहे कारोबारी सप्ताह के दौरान सभी बैंक शाखाओं में चेक क्लीयरेंस, कैश डिपॉजिट, विड्रॉल और अन्य शाखा-स्तरीय सेवाएं सामान्य दिनों की तरह चालू रहेंगी। इसके अलावा नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई (UPI) और एटीएम (ATM) सेवाएं भी सुचारू रूप से कार्य करती रहेंगी।

Back to top button