
IND vs AFG: बारिश के कारण रद्द हुआ भारत-अफगानिस्तान मैच, सेमीफाइनल में पहुंचा भारत
Asian Games 2026 IND vs AFG: जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाने वाला एशियाई खेल 2026 का दूसरा पुरुषों का क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले इस मुकाबले में लगातार हो रही बारिश और गीले मैदान की वजह से अंपायरों ने बिना एक भी गेंद फेंके मैच को रद्द करने का फैसला सुनाया।
मैच रद्द होने के बावजूद भारतीय क्रिकेट टीम को टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में सीधी एंट्री मिल गई है।
टीम इंडिया की सेमीफाइनल एंट्री
एशियाई खेलों के क्रिकेट नियमों के अनुसार, यदि नॉकआउट चरण का कोई मुकाबला बारिश या खराब मौसम के कारण रद्द होता है और उसके लिए रिजर्व डे उपलब्ध नहीं होता है, तो अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की टी20 रैंकिंग में उच्च स्थान (हायर सीडिंग) प्राप्त करने वाली टीम को अगले दौर में प्रवेश दे दिया जाता है।
भारतीय टीम वर्तमान में आईसीसी टी20 अंतर्राष्ट्रीय रैंकिंग में दुनिया की नंबर-1 टीम है, जबकि अफगानिस्तान की टीम 10वें स्थान पर काबिज है। उच्च रैंकिंग का लाभ मिलने के कारण भारतीय टीम को सीधे सेमीफाइनल का टिकट मिल गया।
ये भी पढ़े-एशियन गेम्स में सावन बरवाल ने रचा इतिहास, मैराथन में 44 साल बाद आया सिल्वर मेडल
बारिश के कारण हुआ रद्द
एशियाई खेलों में मौसम का मिजाज काफी खराब बना हुआ है। इसी मैदान पर भारत-अफगानिस्तान मैच से ठीक पहले पाकिस्तान और हॉन्गकॉन्ग के बीच आयोजित पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला भी बारिश की वजह से रद्द करना पड़ा था। पाकिस्तान को भी उच्च आईसीसी रैंकिंग के आधार पर ही सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश दिया गया था।
श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में मैदान में उतरने तैयार भारतीय टीम अब गोल्ड मेडल मुकाबले की ओर कदम बढ़ाते हुए सेमीफाइनल मैच में अपनी चुनौती पेश करेगी।
ये भी पढ़े-Asian Games 2026: कबड्डी में भारत की बेटियों का जलवा, ईरान को हराकर जीता सोना





