Stock Market: खुलते ही क्रैश हुआ शेयर बाजार, निवेशकों के छः लाख करोड़ स्वाहा

Stock Market Crash: कारोबारी सप्ताह के पहले दिन 28 सितंबर को भारतीय शेयर बाजार में चौतरफा बिकवाली और भारी अनिश्चितता का माहौल देखने को मिला। बाजार खुलते ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 900 अंकों से अधिक क्रैश होकर 73,000 के स्तर के नीचे आ गया।

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 280 से ज्यादा अंकों की बड़ी गिरावट दर्ज करते हुए 22,900 के स्तर से नीचे फिसल गया। इस अचानक आई गिरावट से कुछ ही मिनटों में निवेशकों के करीब 6 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए।

वैश्विक दबाव से टूटा बाजार

शेयर बाजार में इस बड़ी गिरावट के पीछे मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की बढ़ती कीमतें और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) द्वारा की जा रही लगातार बिकवाली को माना जा रहा है। ब्रेंट क्रूड के दाम बढ़कर प्रति बैरल 91 डॉलर के पार पहुंच गए हैं, जिससे वैश्विक बाजारों में महंगाई का दबाव बढ़ गया है।

इसके अलावा अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल और भू-राजनीतिक तनावों की वजह से निवेशकों ने जोखिम वाले एसेट्स से दूरी बनाते हुए मुनाफावसूली शुरू कर दी।

इन शेयरों में भारी गिरावट

बाजार में मची इस तबाही के दौरान लार्जकैप से लेकर स्मॉलकैप तक के शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आए। बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर के दिग्गजों में भारी बिकवाली देखने को मिली।

एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, भारती एयरटेल और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे दिग्गज शेयरों ने इंडेक्स को नीचे धकेलने में बड़ी भूमिका निभाई। आईटी और बैंकिंग इंडेक्स में 1.5 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे छोटे और रिटेल निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

निवेशकों को तगड़ा नुकसान

घरेलू शेयर बाजार में बड़ी गिरावट दिखी है। आंकड़ों के अनुसार, निवेशकों के 6 लाख करोड़ रुपये स्वाहा यानी कि डूब गए हैं। स्टॉक एक्सचेंज BSE की आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, बीएसई में लिस्टेट कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 6 लाख करोड़ रुपया घट गया। यह घटकर अब करीब 476 लाख करोड़ रुपये हो गया।

ये भी पढ़े-टल गई तीन दिनों की देशव्यापी बैंक हड़ताल, जानें आज खुले रहेंगे बैंक या नहीं

Back to top button