
भगत सिंह जयंती: CM योगी ने लिखी ‘योगी की पाती’, युवाओं से की किताबों को दोस्त बनाने की अपील
Yogi Ki Paati Bhagat Singh Jayanti: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमर शहीद भगत सिंह की जयंती के पावन अवसर पर प्रदेश के युवाओं के नाम ‘योगी की पाती’ लिखी है। इस विशेष संदेश पत्र के माध्यम से उन्होंने भगत सिंह के अदम्य साहस, अभूतपूर्व बलिदान और स्वाध्यायी स्वभाव को याद करते हुए युवाओं से राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखने और पुस्तकों को अपना सच्चा मित्र बनाने का आत्मीय आह्वान किया है।
सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि भगत सिंह केवल एक क्रांतिकारी नहीं बल्कि एक गंभीर अध्येता भी थे, जिनसे आज की युवा पीढ़ी को ज्ञान को अपनी वास्तविक ताकत बनाने की प्रेरणा लेनी चाहिए।
भगत सिंह के जीवन से लें प्रेरणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती में उल्लेख किया कि महज 23 वर्ष की अल्पायु में देश की स्वाधीनता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर देने वाले भगत सिंह का जीवन हर युवा के लिए प्रेरणापुंज है। उन्होंने युवाओं से जाति-पाति, नशा और अन्य सामाजिक कुरीतियों के बंधन से मुक्त होकर राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर चलने का आग्रह किया।
मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों,
मात्र 23 वर्ष की अल्पायु में अमर शहीद भगत सिंह ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनकी जयंती हम सबके लिए राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखते हुए अपने संकल्प को नई ऊर्जा देने का अवसर है।
आज हमें भी जाति-पाति, नशा और अन्य सामाजिक बुराइयों की… pic.twitter.com/1CVHUrC7ap
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 28, 2026
सीएम ने कहा कि भगत सिंह को हिंदी, उर्दू, पंजाबी और अंग्रेजी जैसी कई भाषाओं का गहन ज्ञान था। उनका मानना था कि जब ज्ञान कौशल और संस्कारों से जुड़ता है, तब युवा अपनी अंतर्निहित प्रतिभा को राष्ट्र के वास्तविक सामर्थ्य में बदलने में सक्षम होता है।
हर जिले में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी
युवाओं में पढ़ने की आदत विकसित करने और डिजिटल क्रांति से जोड़ने के लिए राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर अत्याधुनिक और समृद्ध डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं।
इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नि:शुल्क कोचिंग देने वाली ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना’, नए उद्योगों की स्थापना के लिए ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ और स्टार्टअप नीति के जरिए युवाओं के सपनों को नए पंख दिए जा रहे हैं।
पाती के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से प्रश्न पूछने की प्रवृत्ति बनाए रखने और अपनी जिज्ञासा को हमेशा जीवित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक नया विचार किसी युवा के जीवन को दिशा देने के साथ-साथ पूरे समाज के परिवर्तन का आधार बनता है।
सीएम ने प्रदेश के समस्त युवाओं से अमर शहीद भगत सिंह के सपनों के अनुरूप एक ज्ञानवान, संस्कारी, सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।





