Ranbir Birthday Special: थप्पड़ से स्टारडम तक, पिता से ऐसा था रणबीर का रिश्ता…

Ranbir Kapoor Birthday Special: हिंदी सिनेमा के सबसे प्रतिभाशाली और वर्सटाइल अभिनेताओं में शुमार रणबीर कपूर 28 सितंबर 2026 को अपना 44वां जन्मदिन मना रहे हैं। राज कपूर के पोते और ऋषि कपूर व नीतू कपूर के बेटे होने के नाते भले ही वे बॉलीवुड के सबसे बड़े फिल्मी घराने से ताल्लुक रखते हों, लेकिन एक सफल अभिनेता के रूप में अपनी पहचान बनाने के लिए उन्हें खुद को साबित करना पड़ा।

पिता ऋषि कपूर की छत्रछाया में पलने के बावजूद रणबीर का अपने पिता के साथ रिश्ता हमेशा आसान नहीं रहा। बचपन में पिता का डर, सख्त अनुशासन और बाद में दोनों के बीच वैचारिक मतभेद उनके रिश्ते की बड़ी हकीकत थे।

जूते पहनकर मंदिर जाने पर पड़ा थप्पड़

ऋषि कपूर ने अपनी बायोग्राफी ‘खुल्लम खुल्ला’ में स्वीकार किया था कि उन्होंने रणबीर से जानबूझकर दूरी बनाकर रखी थी ताकि वह पिता का सम्मान करना सीखें। वे अक्सर रणबीर से कहते थे कि मैं तुम्हारा बाप हूँ, दोस्त नहीं। बचपन में रणबीर अपने पिता से बेहद डरते थे।

12 साल की उम्र में जब रणबीर गलती से जूते पहनकर मंदिर के अंदर चले गए थे, तो गुस्से में ऋषि कपूर ने उन्हें जोरदार थप्पड़ मार दिया था। इसके अलावा बहन रिद्धिमा को परेशान करने पर भी 9 साल की उम्र में उन्हें पिता से मार पड़ी थी। जब रणबीर अमेरिका में पढ़ाई करके लौटे, तो ऋषि कपूर ने उनकी गाड़ी तक वापस ले ली थी ताकि वे जमीन से जुड़कर मेहनत करना सीखें।

शुरुआती फिल्मों से नाखुश थे पिता

अमेरिका के ली स्ट्रासबर्ग थिएटर एंड फिल्म इंस्टीट्यूट से एक्टिंग सीखकर लौटे रणबीर ने संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘सांवरिया’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। हालांकि, जब उन्होंने ‘वेक अप सिड’ और ‘रॉकेट सिंह’ जैसी फिल्में चुनीं, तो ऋषि कपूर काफी नाराज हुए थे और उनका मानना था कि ये फिल्में केवल बहुत सीमित दर्शकों के लिए हैं।

लेकिन जब ‘रॉकस्टार’, ‘बर्फी’, ‘ये जवानी है दीवानी’ जैसी फिल्मों में  रणवीर के अभिनय का जादू चला, तो ऋषि कपूर अपने बेटे की अदाकारी के सबसे बड़े मुरीद बन गए। जब ऋषि कपूर न्यूयॉर्क में अपना इलाज करा रहे थे, तब पिता और बेटे के बीच की कड़वाहट पूरी तरह मिट गई थी और दोनों के रिश्ते बेहद मजबूत हो गए थे।

इन फिल्मों से मिली पहचान

रणबीर कपूर ने बॉलीवुड फिल्म ‘आ अब लौट चलें’ (1999) और ‘ब्लैक’ (2005) में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर बॉलीवुड में कदम रखा। साल 2007 में उन्होंने फिल्म ‘सांवरिया’ से बतौर अभिनेता बॉलीवुड में डेब्यू किया।

साल 2009 में रणबीर कपूर ने फिल्म ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ में अभिनय किया। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कामयाब रही। रणबीर कपूर को सबसे ज्यादा पहचान फिल्म ‘रॉकस्टार’ (2011) से मिली। उनके करियर में सबसे ज्यादा कामयाब फिल्मों में ‘बर्फी’ (2012) शामिल है। साल 2013 में रिलीज हुई फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ हिट रही।

रणबीर की फिल्में  ‘संजू (2018)’ और ‘एनिमल (2023)’ दर्शकों को खूब पसंद आईं। रणबीर कपूर की फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ (2022) काफी चर्चा में रही। आलोचकों की इस पर मिलीजुली प्रतिक्रिया आई। जल्द ही वह नितेश तिवारी की अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ का हिस्सा होंगे।

Back to top button