
ऐश्वर्या राय ने पेरिस फैशन वीक में बिखेरा जलवा, सिर पर ताज सजाकर किया रैंप वॉक
Aishwarya Rai Bachchan: बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व विश्व सुंदरी ऐश्वर्या राय बच्चन (Aishwarya Rai Bachchan) ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन किया है। फ्रांस की राजधानी में आयोजित ‘पेरिस फैशन वीक 2026’ के दौरान लोरियल पेरिस (L’Oreal Paris) के फ्लैगशिप शो ‘Le Defile – Walk Your Worth’ में ऐश्वर्या ने अपनी शानदार उपस्थिति दर्ज कराई।
एफिल टावर के सामने ‘प्लेस जोफ्रे’ (Place Joffre) में आयोजित इस शो में जब ऐश्वर्या ने सिर पर टियारा (क्राउन) और रॉयल ब्लैक गाउन पहनकर रैंप वॉक किया, तो वहां मौजूद दर्शक और फैंस झूम उठे।

ब्लैक गाउन और डीप बरगंडी हेयरस्टाइल
पेरिस फैशन वीक के इस खास मंच के लिए ऐश्वर्या राय बच्चन ने मशहूर फैशन डिजाइनर यारा शोमेकर (Yara Shoemaker) का कस्टम-मेड ब्लैक वेलवेट गाउन चुना था। उनके इस आउटफिट में फिटेड ब्लैक वेलवेट गाउन के साथ पीछे जुड़ी हुई एक लंबी और ड्रामेटिक केप (Cape) शामिल थी, जिस पर क्रिस्टल और चमकीले स्टोन्स से स्टारी इफेक्ट दिया गया था। इसके साथ ही ऐश्वर्या ने अपने सिग्नेचर स्टाइल से अलग हटकर ‘डीप बरगंडी-रेड’ शेड में वेवी हेयर्स रखे।

बोल्ड रेड लिप्स, विंग्ड आईलाइनर और सिर पर सजा डायमंड टियारा उनके इस क्वीन लुक (Queen Look) में चार चांद लगा रहा था। रैंप पर चलते हुए ऐश्वर्या ने हमेशा की तरह मुस्कुराते हुए अपने फैंस को फ्लाइंग किस (Flying Kiss) दिए और हाथ जोड़कर नमस्ते की मुद्रा में सबका अभिवादन स्वीकार किया।

केंडल जेनर और सेलीन डियोन संग साझा किया मंच
इस इंटरनेशनल फैशन शो की थीम ‘Walk Your Worth’ (अपनी कीमत पहचानो) थी, जो महिलाओं के आत्मविश्वास, विविधता और सशक्तिकरण का संदेश देती है। ऐश्वर्या राय बच्चन ने इस मंच पर हॉलीवुड और ग्लोबल फैशन इंडस्ट्री की दिग्गज हस्तियों के साथ रैंप साझा किया। जहां सुपरमॉडल केंडल जेनर (Kendall Jenner) ने ब्लैक शीर ड्रेस में शो की शुरुआत की, वहीं आइकॉनिक सिंगर सेलीन डियोन (Celine Dion) ने अपने मशहूर गाने ‘I’m Alive’ की लाइव परफॉर्मेंस से पूरे रनवे पर समां बांध दिया।

इनके अलावा ईवा लोंगोरिया (Eva Longoria), सिमोन एश्ली (Simone Ashley), कारा डेलेविंगने (Cara Delevingne) और जेन फोंडा (Jane Fonda) जैसी ग्लोबल हस्तियों ने भी रनवे पर अपना जलवा बिखेरा। बैकस्टेज पर ऐश्वर्या राय और सिंगर सेलीन डियोन एक-दूसरे को गले लगातीं और साथ में डांस करती हुई नजर आईं, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं।





