कांग्रेस को लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत जनता का समर्थन नहीं:स्मृति ईरानी

चुनाव आयोग लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करता

Smriti Irani: भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर चुनाव आयोग को निशाना बनाने का आरोप लगाया। चुनाव आयोग भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करता है और दुनिया के कई देशों में भारतीय लोकतंत्र की इस व्यवस्था का सम्मान किया जाता है। स्मृति ईरानी ने मतदाता सूची में डुप्लीकेट और मृत लोगों के नाम होने के मुद्दे पर भी कांग्रेस से सवाल किया।

उन्होंने पूछा कि अगर किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दो जगह दर्ज है या किसी मृत व्यक्ति का नाम अभी भी सूची में मौजूद है, तो कांग्रेस ऐसे नामों को हटाने का विरोध क्यों कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को सही और अपडेट रखना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है।

हालांकि, SIR को लेकर विपक्षी दलों ने मतदाता नामों को हटाने और प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं।स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस को लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है। उनके मुताबिक, पार्टी को अपनी चुनावी हार की समीक्षा करनी चाहिए, लेकिन इसके बजाय वह चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है।

भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने कहा आज कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व ने कहा कि चुनाव आयोग को प्रश्नों के दायरे में लाने के लिए उनके कार्यकर्ताओं का महिमा मंडन उनकी व्यवस्था के माध्यम से हुआ। मैं एक नागरिक होने के नाते यह कहना चाहती हूं कि चुनाव आयोग भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करता है। यह भारत के लोकतंत्र का मान है। कांग्रेस को इस बात का दुख है कि आज भारत की जनता उनका लोकतांत्रिक ढांचे में समर्थन नहीं करती है। यही कारण है कि कांग्रेस पार्टी चुनाव आयोग पर हमला कर रही है।

स्मृति ईरानी ने कांग्रेस से यह भी पूछा कि जिन राज्यों में भाजपा सत्ता में नहीं है, वहां चुनाव आयोग की गतिविधियों को लेकर कांग्रेस का रुख क्या है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, केरल और कर्नाटक का उदाहरण देते हुए सवाल किया कि क्या कांग्रेस इन राज्यों में चुनाव आयोग को क्लीन चिट देती है या वहां भी आयोग के कामकाज पर सवाल उठाती है।

Back to top button