
CISF जवान ने सर्विस राइफल से की फायरिंग,असिस्टेंट कमांडेंट समेत चार मरे
जम्मू-कश्मीर के कठुआ में आरोपी गिरफ्तार
Kathua Jammu and Kashmir CISF: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से मंगलवार शाम एक सनसनीखेज और दुखद घटना सामने आई है, जहाँ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) (Central Industrial Security Force) के एक हेड कांस्टेबल ने कथित तौर पर आपसी विवाद के बाद अपने ही साथियों पर सर्विस राइफल से गोलियां चला दीं। इस भीषण गोलीबारी में एक असिस्टेंट कमांडेंट सहित सीआईएसएफ के चार कर्मियों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी जवान को मौके पर ही अन्य साथियों ने काबू में कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोहली माश्का क्षेत्र स्थित सेवा दो हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट में तैनात सीआईएसएफ के कॉन्स्टेबल ने यूनिट के सहायक कमांडेंट समेत चार लोगों को गोली मार दी। चारों की इसमें मौत हो गई है। गोली मारने का कारण आरोपित कॉन्स्टेबल को सहायक कमांडेंट एवं अन्य द्वारा नौकरी पर प्रताड़ित करने का बताया जा रहा है, हालांकि इसकी अभी किसी ने पुष्टि नहीं की है। एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने मामले की पुष्टि जरूर करते हुए बताया कि वारदात हुई है। चार लोगों की मौत हुई है। इसके पीछे कारण क्या रहा, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीआईएसएफ के हेड कांस्टेबल अभिदेश कुमार का किसी बात को लेकर अपने कुछ साथी जवानों और अधिकारियों के साथ विवाद हो गया था। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि अभिदेश ने आपा खो दिया और अपनी सर्विस राइफल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग में चार कर्मी गोलियां लगने से लहुलूहान होकर गिर पड़े। कैंप में मौजूद अन्य जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और गंभीर रूप से घायल चारों कर्मियों को तत्काल पास के एनएचपीसी (NHPC) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान चारों ने दम तोड़ दिया। फायरिंग के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य जवानों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी हेड कांस्टेबल अभिदेश कुमार को दबोच लिया और निहत्था किया। बाद में स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ के आला अधिकारियों को सूचित कर उसे हिरासत में सौंप दिया गया।
गोलीबारी की इस में मृत कर्मियों के नाम
अंकित कुमार पांडे — असिस्टेंट कमांडेंट
लक्ष्मण सिंह — सब-इंस्पेक्टर
रफ़ीक अहमद — कांस्टेबल
संदीप कुमार — कांस्टेबल
वारदात में इस्तेमाल सर्विस राइफल को जब्त
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल सर्विस राइफल को जब्त कर लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस और सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। अधिकारियों का कहना है कि गोलीबारी के वास्तविक कारणों, विवाद की जड़ और जवान के मानसिक तनाव जैसे तमाम पहलुओं की बारीकी से विभागीय व पुलिस जांच की जा रही है।





