
UP News: शाहजहांपुर में डबल मर्डर से हड़कंप, मंदिर में दो साधुओं को जिंदा जलाया
UP News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर के अंदर दो वृद्ध साधुओं की तख्त से बांधकर जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई।
घटना का खुलासा सुबह उस वक्त हुआ जब ग्रामीण रोजाना की तरह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे और परिसर से धुआं उठता देखा। इस दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मंदिर परिसर में मिला अधजला शव
मृतक साधुओं की पहचान मंदिर में लंबे समय से सेवा कर रहे वृद्ध सेवादार गोपाल दास और बाबा बिहारी दास के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार जब लोग मंदिर पहुंचे तो मंदिर के अंदर बने कमरे से आग की लपटें और धुआं निकल रहा था। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि दोनों साधुओं को लकड़ी के तख्त से मजबूती से बांधा गया था और फिर उन्हें आग के हवाले कर दिया गया। दोनों सेवादारों के शरीर बुरी तरह झुलस चुके थे।
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित भारी पुलिस बल, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत पूरे मंदिर परिसर को सील कर दिया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
ये भी पढ़े-नीला ड्रम’ हत्याकांड में कोर्ट का फैसला, मुस्कान और साहिल दोषी करार
आपराधिक रंजिश की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में घटना के पीछे मंदिर की कीमती जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद और रंजिश मुख्य वजह बनकर उभरी है। एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जे की नीयत से या पुरानी रंजिश के तहत इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया गया है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, गांव का ही एक दबंग युवक सुमित सिंह, जो करीब दो महीने पहले ही जेल से छूटकर आया था, इस वारदात में संदिग्ध माना जा रहा है। आरोपी पर पूर्व में एससी-एसटी एक्ट, गाड़ियों में आगजनी और कई आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
क्षेत्र में फैले तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल और पीएसी की तैनाती कर दी गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि फॉरेंसिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े-‘इससे अच्छा UP पुलिस को ही भंग कर दें…’, किस बात पर भड़का सुप्रीम कोर्ट?





