Stree 3: मेकर्स ने कंफर्म की ‘स्त्री 3’ की रिलीज डेट, फैंस को करना होगा इंतजार!

Stree 3 Release Date: श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की ब्लॉकबस्टर हॉरर-कॉमेडी फ्रैंचाइजी ‘स्त्री’ के तीसरे पार्ट का इंतजार कर रहे फैंस के लिए अपडेट सामने आया है। फिल्म के निर्माता दिनेश विजन ने पुष्टि की है कि ‘स्त्री 3’ 2028 में बड़े पर्दे पर रिलीज होगी।

FICCI Frames 2026 कार्यक्रम के दौरान दिनेश विजन ने फिल्म की नई रिलीज विंडो और इसके टलने के कारणों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

क्यों टली रिलीज डेट?

इससे पहले मैडॉक फिल्म्स ने ‘स्त्री 3’ की रिलीज के लिए 13 अगस्त 2027 की तारीख तय की थी। हालांकि, अब इसे आगे बढ़ाकर 2028 कर दिया गया है।

दिनेश विजन ने बताया कि फिल्म के निर्देशक अमर कौशिक फिलहाल भगवान परशुराम की कहानी पर आधारित अपने ड्रीम प्रोजेक्ट ‘महावतार’ (Mahavatar) की शूटिंग में व्यस्त रहेंगे। ‘महावतार’ की शूटिंग जनवरी से जून तक चलेगी। इसके पूरा होने के बाद ही ‘स्त्री 3’ की शूटिंग शुरू की जाएगी।

इस मौके पर आ सकती है फिल्म

दिनेश विजन के मुताबिक, ‘स्त्री 3’ की स्क्रिप्ट पूरी तरह से लिखी जा चुकी है। हालांकि आधिकारिक तारीख का ऐलान अभी नहीं हुआ है, लेकिन उन्होंने संकेत दिया है कि फिल्म को इंडिपेंडेंस डे (15 अगस्त) या क्रिसमस 2028 के मौके पर सिनेमाघरों में उतारा जा सकता है।

ये भी पढ़े-Prahaar Trailer: कसाब को फांसी दिलाने की कहानी, ‘प्रहार’ के ट्रेलर में छाए राजकुमार राव

कहानी में होंगे जबरदस्त ट्विस्ट

‘स्त्री 3’ की कहानी के बारे में बात करते हुए प्रोड्यूसर ने कहा कि निर्देशक अमर कौशिक ने स्क्रिप्ट में ऐसे सरप्राइज रखे हैं जो दर्शकों को हैरान कर देंगे। उन्होंने कहा, “दर्शकों को वो सब कुछ मिलेगा जो उन्होंने पहले पार्ट में पसंद किया था, लेकिन फिल्म जहां से शुरू होगी और जहां खत्म होगी, वो एक बिल्कुल नया खुलासा (Revelation) होगा”।

गौरतलब है कि साल 2018 में रिलीज हुई ‘स्त्री’ और 2024 में आई ‘स्त्री 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर कई बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त किए थे। अब तीसरे पार्ट के जरिए मैडॉक सिनेमैटिक यूनिवर्स इस फ्रैंचाइजी को एक नए स्तर पर ले जाने की तैयारी में है।

ये भी पढ़े-विमल के विज्ञापन पर FDA का एक्शन, शाहरुख-अजय और टाइगर की बढ़ी मुश्किलें

Back to top button