
KGMU के नर्सिंग अधीक्षक चार दिन से लापता, सीतापुर में मिली लावारिस कार
Lucknow News: राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के नर्सिंग अधीक्षक पवन गर्ग के लापता होने के मामले में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे मामला और पेचीदा होता जा रहा है। पिछले चार दिनों से लापता पवन गर्ग की तलाश में जुटी मड़ियांव थाना पुलिस को इटौंजा टोल प्लाजा के CCTV कैमरों से अहम सुराग मिले हैं।
फुटेज में पवन गर्ग की कार लखनऊ-सीतापुर मार्ग स्थित इटौंजा टोल प्लाजा से गुजरती दिखाई दी है। वहीं, जांच के दौरान उनकी कार सीतापुर के कमलापुर क्षेत्र में सड़क किनारे लावारिस हालत में बरामद हुई ।
कपड़ों के आधार पर पहचान
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि नर्सिंग अधीक्षक पवन गर्ग 27 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे अपनी कार लेकर घर से निकले थे। जब देर रात तक वह वापस नहीं लौटे और उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आने लगा, तो चिंतित परिजनों ने मड़ियांव थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
ये भी पढ़े-दर्शन रोके गए, दीक्षा बंद… प्रेमानंद महाराज के आश्रम में बदल गया नियम
पुलिस ने जब सर्विलांस और रूट के सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल शुरू की, तो इटौंजा टोल प्लाजा की फुटेज में उनकी कार रात करीब 11:30 बजे टोल पार करती हुई नजर आई। चालक का चेहरा स्पष्ट नहीं दिख रहा था, लेकिन पहने हुए कपड़ों के आधार पर परिजनों और पुलिस ने चालक के पवन गर्ग होने की पुष्टि की है।
ये भी पढ़े-CM Yogi ने अदम्य साहसी व कर्तव्यनिष्ठावान पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित
सीतापुर में मिली लावारिस कार
जांच को आगे बढ़ाते हुए जब पुलिस की टीम सीतापुर की ओर रवाना हुई, तो मंगलवार को कमलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जयरामपुर मार्ग पर चदेहरा बाजार के पास पवन गर्ग की कार सड़क किनारे लावारिस स्थिति में खड़ी मिली।
मड़ियांव थाना पुलिस और सीतापुर पुलिस की संयुक्त टीमें अब उस इलाके के आसपास के ढाबों, पेट्रोल पंपों और दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। इसके साथ ही पवन गर्ग के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) को भी खंगाला जा रहा है, जिससे कई संदिग्ध नंबरों के बारे में जानकारी मिली है। परिजनों से भी पूछताछ कर किसी संभावित रंजिश या लेन-देन के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
ये भी पढ़े- UP News: शाहजहांपुर में डबल मर्डर से हड़कंप, मंदिर में दो साधुओं को जिंदा जलाया





