ग्राम पंचायतों में डिजिटल सुविधाओं का विस्तार करेंगे:ओम प्रकाश राजभर

Panchayati Raj Minister Om Prakash Rajbhar: उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने ग्राम पंचायतों में आधार सेवा केंद्र, स्मार्ट मोबाइल फोन, डिजिटल ग्राम योजना एवं डिजिटल लाइब्रेरी के विस्तार पर बैठक की। उन्होंने कहा सरकार की मंशा के अनुरूप अधिकारी योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। प्रदेश की ग्राम पंचायतों में डिजिटल सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीण नागरिकों को स्थानीय स्तर पर तकनीक आधारित सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पंचायती राज विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।  पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायतों में डिजिटल सेवाओं के विस्तार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। ओम प्रकाश राजभर ने प्रदेश की ग्राम पंचायतों में आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही को गति देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को विभिन्न डिजिटल एवं नागरिक सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से दूर न जाना पड़े, इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर ही अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक में ग्राम पंचायत सचिवों को स्मार्ट मोबाइल फोन उपलब्ध कराए जाने, डिजिटल ग्राम योजना तथा पूर्व से संचालित डिजिटल लाइब्रेरी योजना से संबंधित कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। योजनाओं के क्रियान्वयन में आवश्यक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने तथा संबंधित अभिलेख एवं विवरण उपलब्ध कराते हुए आगे की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि डिजिटल तकनीक आज ग्रामीण विकास और नागरिक सुविधाओं का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। ग्राम पंचायतों में डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता बढ़ने से न केवल विभागीय कार्यों के संचालन में सुगमता आएगी, बल्कि ग्रामीण नागरिकों को भी स्थानीय स्तर पर अनेक सेवाओं का लाभ अधिक आसानी से मिल सकेगा। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

पंचायती राज विभाग द्वारा ग्राम पंचायतों को तकनीक से जोड़ने के साथ-साथ ग्रामीण नागरिकों के लिए डिजिटल सुविधाओं को अधिक सुलभ बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। डिजिटल लाइब्रेरी सहित विभिन्न पंचायत आधारित योजनाओं को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी प्रमुख योजनाओं के रूप में प्रदर्शित किया गया है। विभाग का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में डिजिटल संसाधनों का विस्तार कर ग्रामीण क्षेत्रों में सुगम, पारदर्शी और तकनीक आधारित सेवाओं की उपलब्धता को और मजबूत करना है।

इस बैठक में प्रमुख सचिव पंचायती राज रविंद्र, निदेशक पंचायती राज अमित कुमार सिंह, एमडी यूपीसीएल श्रीमती जसजीत कौर, एमडी यूपीडेस्को श्रीमती आकांक्षा राणा सहित अन्य विभागीय अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Back to top button