असलहा तस्करी का सनसनीखेज खुलासा, डिलीवरी से पहले दबोचे गए तीन आरोपी

Ghazipur News: उत्तर प्रदेश में अवैध शस्त्र तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में गाजीपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्वाट (SWAT), सर्विलांस सेल और स्थानीय कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने रणनीतिक घेराबंदी करते हुए अवैध असलहों की तस्करी करने वाले तीन शातिर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 18 पिस्तौल, 19 देसी तमंचे और 18 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

घेराबंदी कर हुई गिरफ्तारी

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कैथवलिया पुलिया के पास जाल बिछाया। फिर आरोपियों को घेरकर हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने  पर उनके पास से भारी मात्रा में अवैध असलहों का जखीरा देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय रतन विश्वकर्मा, 19 वर्षीय रवि कुमार और 20 वर्षीय अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से आरोपियों के पास मौजूद 3 मोबाइल फोन, 900 रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

ये भी पढ़े-UP News: मुसहर महिला को प्रसव से इनकार पर डॉक्टर बर्खास्त, CMS पर भी गाज

मध्य प्रदेश से जुड़ा है नेटवर्क

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मध्य प्रदेश के खंडवा और बुरहानपुर क्षेत्र से कम दामों पर अवैध असलहे खरीदते थे। इसके बाद वे इन हथियारों को उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र, विशेषकर गाजीपुर और आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करते थे। घटना के समय भी आरोपी हथियारों की एक बड़ी खेप की डिलीवरी देने की फिराक में थे।

गाजीपुर पुलिस ने मामले की गहनता से पड़ताल शुरू कर दी है ताकि इस पूरे अंतरराज्यीय सिंडिकेट की कड़ियों को जोड़ा जा सके। पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले में दो अन्य अभियुक्त अभी वांछित हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

ये भी पढ़े-KGMU के नर्सिंग अधीक्षक चार दिन से लापता, सीतापुर में मिली लावारिस कार

Back to top button