Lucknow Flood: गोमती नदी का रौद्र रूप, हनुमान सेतु मंदिर में घुसा पानी

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गोमती नदी का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है, जिससे शहर के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण गोमती नदी सामान्य से करीब आठ फीट ऊपर चढ़कर 108.14 मीटर के खतरनाक निशान तक पहुंच गई है।

नदी के इस विकराल रूप ने शहर के रिहायशी इलाकों के साथ-साथ प्रमुख धार्मिक स्थलों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है, जिससे प्रशासन और स्थानीय नागरिकों की चिंता बढ़ गई है।

हनुमान सेतु मंदिर में घुसा पानी

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एहतियात के तौर पर गोमती रिवरफ्रंट स्थित लोकप्रिय ‘फूड वैली’ को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इसके अलावा, शहर के प्रसिद्ध लेटे हुए हनुमान मंदिर और हनुमान सेतु मंदिर परिसर में भी गोमती का पानी प्रवेश कर चुका है।

पुजारियों के अनुसार, मंदिर के गर्भगृह में पानी पहुंचने से स्थिति काफी गंभीर हो गई है और करीब दो दशकों के बाद ऐसा नजारा देखने को मिला है जब गोमती का पानी इस स्तर तक ऊपर आया है।

फैजुल्लागंज में सबसे बुरे हालात

लखनऊ के निचले इलाकों जैसे फैजुल्लागंज और बीकेटी ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ का पानी घरों के अंदर तक घुस चुका है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि फैजुल्लागंज की सड़कों पर आवागमन के लिए नावों का संचालन करना पड़ रहा है। हजारों लोग अपने घरों से पलायन करने को मजबूर हो चुके हैं और कई कॉलोनियों में चार से पांच फीट तक पानी भरा हुआ है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और नगर निगम की टीमें पूरी तरह मुस्तैद हैं। प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री, ड्राई राशन के पैकेट बांटे जा रहे हैं और जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने के लिए पंपसेट लगाए गए हैं।

साथ ही, मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए ड्रोन के जरिए एंटी-लार्वा का छिड़काव भी कराया जा रहा है, और अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Back to top button