
UP News: मनरेगा में बड़ा फर्जीवाड़ा; पोर्टल पर दर्ज हुई मजदूरों की फर्जी हाजिरी
Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से मनरेगा योजना में भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिले में जब कुदरत के कहर यानी मूसलाधार बारिश के कारण आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त था और सभी प्रकार के मैदानी कार्य ठप पड़े थे, ठीक उसी दौरान कागजों और ऑनलाइन पोर्टल पर मजदूरों के पसीना बहाने की कहानियां गढ़ी जा रही थीं।
प्रशासनिक सुस्ती और मिलीभगत का फायदा उठाते हुए एनएमएमएस (NMMS) पोर्टल पर 5,500 से अधिक श्रमिकों की फर्जी उपस्थिति दर्ज किए जाने का बड़ा खुलासा हुआ है।
मूसलाधार बारिश में कैसे हो रहे थे काम?
मामला तब प्रकाश में आया जब पिछले दिनों क्षेत्र में लगातार भारी बारिश और जलभराव के बीच सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत टटोली गई। नियमों के मुताबिक मनरेगा के तहत मैदानी कार्यों पर मजदूरों की मौजूदगी दर्ज करने के लिए नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम (NMMS) ऐप का उपयोग किया जाता है, जिसमें कार्यस्थल से वास्तविक तस्वीरें और उपस्थिति अपलोड करनी होती है। लेकिन संभल में जब मौसम खराब होने के कारण कोई भी मजदूर धरातल पर काम करने नहीं उतरा था, तब भी पोर्टल पर धड़ल्ले से हाजिरी दर्ज की जा रही थी।
जांच-पड़ताल में सामने आया कि कुल 5,587 श्रमिकों की फर्जी उपस्थिति ऑनलाइन पोर्टल पर चढ़ा दी गई, ताकि कागजों में काम दिखाकर सरकारी धन का बंदरबांट किया जा सके। इस तरह के खेल से साफ जाहिर होता है कि मैदानी स्तर पर भौतिक सत्यापन के नियमों को ताक पर रखकर किस तरह फर्जी दस्तावेजों और डिजिटल सिस्टम के दुरुपयोग से भ्रष्टाचार को अंजाम दिया जा रहा था।
ये भी पढ़े-डिजिटल अरेस्ट से नौकरी के झांसे तक… लखनऊ में दो लोगों से 36 लाख की साइबर ठगी
प्रशासन में मचा हड़कंप
भारी बारिश के दौरान बड़े पैमाने पर मजदूरों की फर्जी हाजिरी का यह मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर उच्चाधिकारियों ने इस पूरे फर्जीवाड़े की गंभीर संज्ञान लिया है और संबंधित ब्लॉकों व ग्राम पंचायतों के दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पोर्टल पर फर्जी तरीके से उपस्थिति दर्ज करने वाले जिम्मेदारों और इसमें संलिप्त पाए जाने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त विभागीय तथा विधिक कार्रवाई की जाएगी, ताकि सरकारी योजनाओं में इस प्रकार की धांधली पर रोक लगाई जा सके।
ये भी पढ़े-BJP की राज्यसभा लिस्ट ने चौंकाया! 8 नामों में मंत्री से लेकर पूर्व सांसद तक शामिल





